मिठाई

सर्दियों में लें मूंगफली गुड़ की चिक्की का स्वाद

सर्दियों में मूंगफली गुड़ की चिक्की बड़े चाव से खाई जाती है। यह बेहद कुरकुरी और स्वादिष्ट लगती है।

2 min read
Jan 05, 2018
peanut chikki
peanut chikki

सर्दियों में मूंगफली गुड़ की चिक्की बड़े चाव से खाई जाती है। यह बेहद कुरकुरी और स्वादिष्ट लगती है। वहीं सर्दियों में यह शरीर को गर्म रखने का भी काम करती है। इसकी खास बात यह है कि एक बार मूंगफली गुड़ की चिक्की बना कर इसे दो से तीन महीने तक खाया जा सकता है। यहां पढ़ें मूंगफली गुड़ की चिक्की की रेसिपी -

सामग्री -

मूंगफली के दाने - 1 कप (150 ग्राम) (भुने छिले हुए)
गुड़ - 1 कप (200 ग्राम) (क्रम्बल्ड)
घी - 2 टेबल स्पून

विधि -

पैन में क्रम्बल्ड किया हुआ गुड़ और 1 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए। गुड़ को लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर पिघलाइए। गुड़ के बड़े टुकड़ों को चमचे से तोड़ दीजिए ताकि ये जल्दी से पिघल जाए। गुड़ के पिघलने के 2 मिनिट बाद तक इसे चमचे से चलाते हुए पकाइए।

2 मिनिट बाद, गुड़ फूला-फूला दिखने लगेगा। इसे चैक कर लीजिए। गुड़ चैक करने के लिए एक प्याली में थोड़ा सा पानी लीजिए। इसमें थोड़ा सा गुड़ डालकर इसे ठंडा होने दीजिए। इसके बाद गुड़ को उठाकर देखिए, गुड़ अगर खिंच रहा हो, तो गुड़ को थोड़ी देर और पका लीजिए।

1 मिनिट बाद, गुड़ को फिर से चैक कीजिए। गुड़ टूटने लगे, तो गुड़ की चाशनी तैयार है। गैस धीमी कर दीजिए और गुड़ में मूंगफली के दाने डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर दीजिए। फिर, गैस बंद कर दीजिए।

मिश्रण जमाने के लिए बोर्ड और चमचे को घी लगाकर चिकना कर लीजिए। चिक्की का मिश्रण बोर्ड पर डालिए चमचे से चिक्की को पतला-पतला फैला लीजिए। इसके बाद, बेलन पर थोड़ा सा घी लगाकर चिकना कीजिए और चिक्की को बेल लीजिए। बेली हुई चिक्की को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए।

चिक्की के हल्की ठंडी होने पर इस पर चाकू से अपनी पसंद के अनुसार साइज में काटने के निशान लगा लीजिए। इसके पूरी तरह से ठंडा होने के बाद, इनके टुकड़े बोर्ड से अलग कर दीजिए।

क्रिस्पी और टेस्टी मूंगफली की चिक्की तैयार है। चिक्की को किसी भी कन्टेनर में भरकर रख दीजिए और पूरे 2 से 3 माह तक इसके स्वाद का आनंद उठाइए।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।