मिठाई

सर्दियों में खाएं यमी स्ट्रॉबेरी हलवा

स्ट्रॉबेरी के फायदों की बात करें तो इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन सी, फोलेट, पोटैशियम, मैंगनीज, डायटरी फाइबर और मैगनीशियम पाया जाता है

2 min read
Nov 22, 2017
Strawberry Halwa recipe
Strawberry Halwa recipe

स्ट्रॉबेरी का टेस्ट ज्यादातर लोगों को पसंद आता है। यह बच्चों को भी पसंद आता है। सर्दियों में हलवा भी आसानी से हजम हो जाता है। इसे बनाना भी काफी आसान है और यह टेस्ट में भी बहुत जायकेदार होता है। स्ट्रॉबेरी के फायदों की बात करें तो इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन सी, फोलेट, पोटैशियम, मैंगनीज, डायटरी फाइबर और मैगनीशियम पाया जाता है। स्ट्रॉबेरी आंखों के लिए बहुत अच्छी होती है, साथ ही यह इम्यूनिटी को भी बढ़ाती है। यहां पढ़ें स्ट्रॉबेरी हलवा बनाने की रेसिपी -

सामग्री -

स्ट्राबेरी - 100 ग्राम
सूजी - 100 ग्राम (1/2 कप)
चीनी - 100 ग्राम (1/2 कप)
घी - 100 ग्राम (1/2 कप)
काजू - 6-7
बादाम - 6-7
किशमिश - 1 छोटी चम्मच
पिस्ते - 10-12
इलायची - 4

विधि -

स्ट्रॉबेरी को अच्छी तरह धोकर इसके डंढ़ल हटा कर इसे छोटे-छोटे टुकडों में काट लीजिए और मिक्सर में डालकर इसकी प्यूरी बना लीजिए।

पैन गैस पर रखिए उसमें घी डाल दीजिए , थोड़ा सा घी बचा लीजिए, जिसे बाद में यूज करेंगे। घी मेल्ट होने के बाद उसमें सूजी डाल दीजिए और कलछी की सहायता से लगातार चलाते हुए धीमी और मिडियम आंच पर सूजी के गोल्डन ब्राउन होने तक भून लीजिए।

सूजी भूनने के बाद, इसमें २ कप पानी, चीनी और स्ट्राबेरी की प्यूरी डाल दीजिए, धीमी और मीडियम गैस पर हलवे को तब तक पकने दीजिए, जब तक सूजी पानी में अच्छी तरह फूल नहीं जाती। काजू को छोटे टुकड़े में काट लीजिए, बादाम और पिस्ते को लम्बे पतले टुकड़ों में काट लीजिए।

सूजी फूलने पर हलवे को थोड़ी थोड़ी देर में चलाते हुए उसे गाढ़ा होने तक पकाइए, अब हलवे में किशमिश, काजू, बादाम और पिस्ते डाल कर मिला दीजिए, इलायची पाउडर और १ चम्मच घी डालकर मिक्स कीजिए।
स्ट्राबेरी का हलवा तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और हलवे को प्याले में निकाल लीजिए। हलवे के ऊपर १-२ चम्मच घी और बादाम पिस्ते डालकर सजा दीजिए। गरमा गरम स्ट्राबेरी हलवा परोसिए और खाइए।