
Imarti Devi Krishna Gaur CM Remark Video: अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाली मध्य प्रदेश की पूर्व मंत्री इमरती देवी का एक बयान चर्चा में है, जिसमें उन्होंने मंत्री कृष्णा गौर को मुख्यमंत्री बनाने की प्रार्थना की है। राम राजा की नगरी ओरछा में आयोजित बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंची इमरती देवी ने रामराजा से ऐसी प्रार्थना की है, जो अब राजनीतिक गलियारो में चर्चा का विषय बन गई है। इमरती देवी ने मंत्री कृष्णा गौर को गले लगाते हुए श्रीराम राजा सरकार से उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की प्रार्थना की। इसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
देखें वीडियो-
जो वीडियो सामने आया है उसमें मंत्री कृष्णा गौर को आते हुए देख पूर्व मंत्री इमरती देवी मुस्कुराते हुए उन्हें गले लगा लेती हैं। इसके बाद इमरती देवी कहती हैं 'मंत्री जी बड़े दिनों में मिली हो, मैं तो कहती हूं कि रामराजा सरकार मुख्यमंत्री बना दे', इस बात को सुनकर मंत्री कृष्णा गौर कुछ देर रुकी, फिर पलट कर उनसे कुछ नजदीक से कहा और फिर हंस कर चली गईं। आपको बता दें कि इमरती देवी कट्टर सिंधिया समर्थक के रूप में पहचान रखती हैं और हमेशा से अपने तीखे और सुर्खियां बटोरने वाले बयानों को लेकर चर्चा में रहती हैं। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान सामने आए इस वीडियो के बाद इमरती देवी के बयान को लेकर राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है।
ओरछा में पहले दिन हुई बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने बताया कि बैठक में शासन के माध्यम से जनसेवा, वैचारिक विस्तार से जनसेवा के मार्ग को प्रशस्त करने पर चर्चा की गई। हम 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए आगे बढ़ रहे है। यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से नहीं सुशासन, समरसता, सांस्कृति गौरव और विकसित मध्य प्रदेश के विचार को आगे बढ़ाने वाली साबित होगी। ओरछा की यह बैठक भगवान राम के सुशासन और राष्ट्र गौरव की प्रेरणा देगी। पदाधिकारी, कार्यकर्ता आने वाले समय में संगठनात्मक और जनसेवा की गतिविधियों को और आगे गति दें, इस पर मंथन हुआ है।