टोंक

Tonk Accident: सांवरिया सेठ दर्शन करके लौट रहे पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, बेटे की शादी के 15 दिन बाद मन्नत पूरी कर लौट रहे थे घर

Father-Son Died In Accident: टोंक जिले में सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिया से वैन गिरने के हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई जबकि मासूम सहित चार लोग गंभीर घायल हो गए।

less than 1 minute read
Mar 02, 2026
Rajasthan Police
मामला दर्ज करती पुलिस टीम की प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Rajasthan Road Accident: टोंक के मालपुरा उपखंड के लांबाहरिसिंह से सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के लोगों की वैन रविवार को विजयनगर गोशाला के पास पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि मासूम सहित चार जने गंभीर घायल हो गए।

ग्रामीण कल्याण मल जांगिड़ ने बताया कि लांबाहरिसिंह निवासी नौरत जांगिड़ अपने ज्येष्ठ पुत्र कमल जांगिड़ की 15 दिन पूर्व शादी होने पर मन्नत पूर्ण करने के लिए परिवार और रिश्तेदारों के साथ वैन से सांवरिया सेठ मंदिर दर्शन करने गए थे। रविवार सुबह दर्शन कर लौटते समय कमल जांगिड़ अपनी पत्नी और साले-साली को भीलवाड़ा में कार्यवश छोड़कर शेष परिवार के साथ गांव के लिए रवाना हुए।

विजयनगर गोशाला के पास पुलिया पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। हादसे में कालू जांगिड़ (25) पुत्र नौरत जांगिड़, निवासी लांबाहरिसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से विजयनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को अजमेर रेफर किया गया। मृतक कालू का शव मोर्चरी में रखवाया गया।

अजमेर अस्पताल में गंभीर घायल नौरत जांगिड़ (52), कोमल जांगिड़ पत्नी रमेश, इंदिरा जांगिड़ निवासी मालपुरा, गुड्डू (8) तथा एक 7 वर्षीय बालिका का उपचार शुरू किया गया। शाम को नौरत जांगिड़ की तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई, जबकि इंदिरा को जयपुर रेफर किया गया।

Published on:
02 Mar 2026 01:13 pm