
निवाई (टोंक)। कृषि उपज मंडी समिति निवाई में नई सरसों की फसल की आवक शुरू होते ही मंडी परिसर में रौनक बढ़ गई है। मंगलवार को करीब छह हजार से अधिक सरसों के कट्टों की आमद दर्ज की गई, जिससे मंडी में दिनभर चहल-पहल बनी रही। व्यापारी, आढ़तिये, तिल मिल मालिक, मुंशी, पल्लेदार और किसान सभी खरीद-फरोख्त की गतिविधियों में व्यस्त नजर आए। नई फसल की निरंतर आवक से आने वाले दिनों में मंडी में कारोबार और तेज होने की संभावना है। सरसों सीजन की शुरुआत के साथ ही मंडी क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने लगी है।
मंडी व्यापारी दीपक गुप्ता ने बताया कि नई फसल के बाजार में पहुंचने से व्यापारिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। किसानों में अपनी उपज के बेहतर दाम मिलने की उम्मीद के साथ उत्साह देखा जा रहा है। मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और कट्टों की आवाजाही से माहौल पूरी तरह कृषि सीजन की शुरुआत का संकेत दे रहा है।
नई सरसों की फसल की खरीद के लिए मंगलवार को कृषि मंडी में व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमप्रकाश चंवरिया के नेतृत्व में खुली बोली लगाई गई। खुली बोली की प्रक्रिया में शहर के तेल मिल मालिकों एवं व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।प्रतिस्पर्धात्मक बोली के बीच किसानों को उचित मूल्य दिलाने का प्रयास किया गया।
बोली प्रक्रिया के दौरान मंडी परिसर में प्रमुख रूप से अमित कटारिया, पवन पारीक, अशोक जैन, पवन बोहरा, राजेंद्र जैन, राहुल बोहरा, कमल सौगाणी, यश अग्रवाल, टोनू जैन,अनिल भाणजा, रोहित टोड़वाल, राजेंद्र नाटाणी, मुरारी पंडा, आशीष टोड़वाल, विशाल गुप्ता, बुद्वराम चौधरी सहित अन्य मंडी व्यापारी उपस्थित रहे।