टोंक

Panchayat Election: राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव से क्यों बच रही सरकार? सचिन पायलट ने किया बड़ा खुलासा

Sachin Pilot News: निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर राजस्थान की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सरकार पर चुनाव टालने का आरोप लगाते हुए कहा कि हार के डर से चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं।
2 min read
May 25, 2026
Sachin Pilot
सचिन पायलट। फाइल फोटो- पत्रिका

टोंक। कांग्रेस महासचिव और टोंक विधायक सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर महंगाई, नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और विदेश नीति को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद लगातार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे आमजन पर महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है। पायलट सोमवार को टोंक विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। पायलट ने कहा कि यदि सरकार को कीमतें बढ़ानी ही थीं तो चुनाव से पहले जनता को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से खाने-पीने की वस्तुओं समेत हर जरूरी सामान के दाम बढ़ जाते हैं, लेकिन सरकार को जनता की परेशानियों की कोई चिंता नहीं है। इस दौरान पायलट ने कई गांवों में लोगों की समस्याएं सुनीं। वहीं टोंक में गत दिनों आत्महत्या करने वाले छात्र के घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और सांत्वना दी। आत्महत्या के दर्ज मामले को लेकर उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके। पुलिस जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

जांच एजेंसियों को मामला सौंपकर बच रहे जिम्मेदारी से

पायलट ने आरोप लगाया कि सरकार का एकमात्र एजेंडा चुनाव जीतना और विपक्ष को प्रताड़ित करना रह गया है। नीट पेपर लीक मामले पर उन्होंने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष परीक्षा में गड़बड़ी सामने आई है, लेकिन सरकार केवल जांच एजेंसियों को मामला सौंपकर जिम्मेदारी से बच रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के पीछे संगठित शिक्षा माफिया सक्रिय है, जिन पर सरकार कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही।

पायलट ने आरोप लगाया कि मामला तब सामने आया जब विद्यार्थियों ने गेस पेपर और मुख्य प्रश्नपत्र एक जैसे होने की शिकायत की। सरकार ने खुद इस गड़बड़ी का खुलासा नहीं किया। पायलट ने कहा कि भारत को हर देश के साथ बराबरी के स्तर पर संबंध रखने चाहिए। देश की ऊर्जा नीति स्वतंत्र होनी चाहिए और भारत को यह तय करने का अधिकार होना चाहिए कि वह तेल रूस, ईरान या वेनेजुएला से खरीदे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पर बाहरी दबाव बढ़ रहा है, जिससे किसानों और देश की आर्थिक नीति पर असर पड़ेगा।

हार का सता रहा डर

निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर पायलट ने कहा कि अदालत कई बार सरकार को चुनाव कराने के निर्देश दे चुकी है, लेकिन अब तक चुनाव नहीं कराए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से बचने के कारण राजस्थान को केंद्र से मिलने वाली हजारों करोड़ रुपए की राशि प्रभावित हो रही है। पायलट ने दावा किया कि सरकार चुनाव से डर रही है, क्योंकि उसे कांग्रेस की जीत का अंदेशा है।

खुद यात्रा पर, प्रवचन देश के लिए

पायलट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद लगातार विदेश यात्राएं कर रहे हैं और देशवासियों को प्रवचन दे रहे हैं कि विदेश यात्रा मत करो, बचत करो वाहनों के तेल की, खाने के तेल की और सोने की। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में गरीब जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। चाहे शिक्षा मंत्री हों या पेट्रोलियम मंत्री, कोई भी इस्तीफा देने को तैयार नहीं है।

Updated on:
25 May 2026 06:40 pm
Published on:
25 May 2026 06:40 pm