
फाइल फोटो- पत्रिका
बीकानेर। भारत-पाक सीमा की सुरक्षा व्यवस्थाओं, बीएसएफ जवानों के मनोबल और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 25 और 26 मई को बीकानेर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों नेता सीमा चौकी सांचू पहुंचकर जवानों से संवाद करेंगे, पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय में भारत-पाक सीमा से जुड़े मुद्दों पर उच्चस्तरीय बैठक लेंगे। इस दौरे को सुरक्षा और राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह वीडियो भी देखें
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 25 मई की रात 10:20 बजे बीकानेर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जाएंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम रहेगा। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रात 8:30 बजे बीकानेर पहुंचकर शाह की अगवानी करेंगे तथा कृषि विश्वविद्यालय स्थित गेस्ट हाउस में ठहरेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौतम और भूपेंद्र सैनी भी 25 मई को रेलमार्ग से बीकानेर पहुंचेंगे तथा स्वागत कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।
26 मई की सुबह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कृषि विश्वविद्यालय हेलीपेड से रवाना होकर सीमा चौकी सांचू पहुंचेंगे। इसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बीएसएफ हेलीकॉप्टर से वहां पहुंचेंगे। दोनों नेता सुबह 11:10 बजे से 11:40 बजे तक बीएसएफ की 179वीं वाहिनी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां पौधरोपण, सैनिक सम्मेलन तथा जवानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। माना जा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीमा क्षेत्रों की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हो सकती है। इस दौरान सीमा पर तैनात जवानों के मनोबल को बढ़ाने और उनकी समस्याओं को समझने पर भी विशेष जोर रहेगा।
सांचू कार्यक्रम के बाद दोनों नेता बीकानेर स्थित बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12:40 बजे महिला बैरकों के ई-उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक राजस्थान की भारत-पाक सीमा से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित होगी। सूत्रों के अनुसार बैठक में सीमा चौकियों की आधारभूत सुविधाएं, तकनीकी निगरानी, घुसपैठ रोकथाम और जवानों की आवश्यकताओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा संभव है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 26 मई की शाम 6:25 बजे बीकानेर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर लौटेंगे।
Updated on:
24 May 2026 08:47 pm
Published on:
24 May 2026 08:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
