Pati Patni Aur Panga Winner: टीवी का फेमस शो पति पत्नी और पंगा को अपना विनर मिल गया है। इस फेमस जोड़ी ने ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। उन्होंने जीतने के बाद कहा कि इंजीनियर्स को रोमांस करना नहीं आता।
Pati Patni Aur Panga Winner: कलर्स टीवी के पॉपुलर रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' का फिनाले हो चुका है। इसमें कई जोड़ियों ने भाग लिया था और इसी शो के सेट पर ही बालिका वधू में आनंदी बनी अविका गौर की भी शादी हुई थी। इस शो को लोग बेहद पसंद करते थे। अब शो को अपना विजेता मिल गया है।
पहला सीजन जिस कपल ने जीता है वह कोई और नहीं बल्कि रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला हैं। जी हां! रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला पति पत्नी और पंगा के पहले सीजन के विनर बने हैं। ट्रॉफी के साथ कपल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं, जिसके बाद फैंस और सेलेब्स उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।
रुबीना और अभिनव ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "'पति पत्नी और पंगा के साथ धमाल' हमारे लिए जिंदगी की भागदौड़ से दूर एक साथ समय बिताने का एक शानदार तरीका था। कपल के तौर पर हम बिल्कुल भी परफेक्ट नहीं हैं, और हमने अपनी कमियों के बारे में बहुत खुलकर बात भी की है और ये शो बहुत ही सुकून देने वाला था।"
रुबीना ने अपने सफर के बारे में बात करते हुए कहा, "अगर कोई एक चीज है जो हम उम्मीद करते हैं कि हमारा सफर लोगों को याद दिलाए, तो वो ये है प्यार का मतलब बेदाग होना नहीं है। इसका मतलब है एक-दूसरे को हर चीज से ऊपर चुनना, यहां तक कि उन दिनों में भी जब ये सबसे मुश्किल लगता है।" इस दौरान रुबीना ने मजाक में अपने पति अभिनव पर तंज कसते हुए यह भी कहा, "इंजीनियर्स में सबसे घटिया क्वालिटी का रोमांस होता है।"
यह कपल के लिए दूसरी बड़ी रियलिटी ट्रॉफी है। इससे पहले रुबीना दिलैक ने 'बिग बॉस' की ट्रॉफी भी जीती थी, जिसमें उन्होंने पति अभिनव शुक्ला के साथ एंट्री ली थी। 'बिग बॉस' के दौरान ही कपल ने चौंकाने वाला खुलासा किया था कि वह एक-दूसरे से तलाक लेने वाले थे, लेकिन शो ने उनके रिश्ते को एक और मौका दिया था।
रुबीना और अभिनव ने शो के होस्ट सोनाली बेंद्रे और मुनव्वर फारुकी को उनके प्यार और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। इस सीजन में अविका गौर से लेकर हिना खान जैसे सेलेब्रिटी कपल भी शामिल थे।