
मेनार . वल्लभनगर उपखण्ड क्षेत्र में पिछले दो दिनों में सुबह और रात को घना कोहरा छाने के साथ ही सर्द हवा का दौर जारी है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा।
कोहरा बढऩे एवं शीतलहर चलने से सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को ठिठुरन का अहसास होने लगा है। घने कोहरे के चलते दोपहर में सवा 11 बजे सूर्य ने दर्शन दिए। उदयपुर-चितौडग़ढ़ मार्ग पर घने कोहरे से वाहनों की रफ्तार धीमी रही। चालकों को हैडलाइट की मदद से वाहन चलने पड़े। पिछले तीन दिन में न्यूनतम तापमान में 4.34 डिग्री तक गिरावट आई है। अधिकतम तापमान भी 25 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सोमवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 12.33 डिग्री दर्ज हुआ, जो शनिवार को 16.67 डिग्री सेलिसयस था।
कोहरे के चलते कई रेलगाडिय़ां हुई लेट
मावली(निप्र). कस्बा सहित क्षेत्रभर में सोमवार को सर्दी के तेवर तीखे हो गए। सुबह कस्बा घने कोहरे में लिपटा रहा। कोहरे के कारण मावली जंक्शन पर कई ट्रेनें 1 से ढाई घंटे देर से पहुंची। विजिबिलिटी महज 3 मीटर रही। सडक़ मार्गों पर सुबह 9 बजे तक वाहन हैडलाइट की मदद से चले। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए जिससे ठिठुरन बनी रही। कस्बेवासियों ने अलाव लगाकर सर्दी से बचाव का प्रयास किया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर धुंध से चालक रहे परेशान
भटेवर. गिरते पारे के साथ बढ़ती सर्दी और धुंध इन दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग पर होकर गुजरने वाले वाहन सवारों के लिए चुनौती बन रही है। बीते चार दिनों से आसमां पर छाए बादलों के बीच बढ़ी धुंध सोमवार को वाहन चालकों को परेशान करती रही। उपखण्ड क्षेत्र के वल्लभनगर, भटेवर, धमानिया, रुंडेड़ा, किकावास, नवानिया, गुमानपुरा करणपुर सहित विभिन्न गांवों में सुबह के समय धुंध ने पहरा जमाया, जो कि देर शाम तक यथावत रहा। दिन के समय भी लोगों को वाहनों की लाइट जलाकर मंजिल तक पहुंचना पड़ा। दूसरी ओर खुले खेतों में किसानों ने अलाव तापकर सर्दी से बचाव किया।