
उदयपुर. डबोक स्थित घर से तीन दिन पहले लापता हुए युवक का शनिवार को उदयसागर में शव मिला। पुलिस ने बताया कि डबोक निवासी देवेन्द्रसिंह (36) पुत्र गिरवरसिंह 20 फरवरी को घर से लापता हो गया था। तीन दिन तक परिजनों ने उसकी तलाश की, पता नहीं चलने पर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई। शनिवार शाम को उदयसागर पर लोगों ने देवेन्द्र के शव को पानी में देखकर पुलिस को सूचना दी। प्रतापनगर थाना पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शिनाख्तगी के बाद पुलिस ने शव को एमबी चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया है।
दुर्घटना में बाइक चालक की मौत
बंबोरा पसं. सलूम्बर- लोदा मार्ग पर शुक्रवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस के अनुसार ओरवाडिय़ा निवासी महेन्द्र (21 ) पुत्र शंकर पटेल बाइक से जा रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। काफी देर के बाद ग्रामीण वहां पहुंचे और उसे 108 की मदद से गींगला सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर परिजन विलाप करते रहे। सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।