
भुवनेश पंड्या
उदयपुर. दीपावली पर शहर विशेष रूप से साफ और सुंदर नजर आए इसे लेकर सोमवार से नगर निगम ने अभियान शुरू कर दिया है। नगर निगम उप महापौर और स्वास्थ समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि प्रतिवर्ष विशेष सफ ाई अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में प्रथम चरण में जगदीश चौक से सफ ाई अभियान की शुरुआत निगम के महापौर गोविंद सिंह टांक ने की। इस दौरान निगम के कई पार्षद एवं विभिन्न समितियों के अध्यक्ष भी मौजूद थे। सिंघवी ने बताया कि दीपावली पर शहरवासी भट्टियानी चौहट्टा स्थित महालक्ष्मी मंदिर दर्शन के लिए आते हैं, इसी कारण जगदीश चौक से रंगनिवास तक सबसे पहले सफ ाई करवाई जा रही है। निगम के सफ ाई कर्मियों ने जगदीश चौक, भट्टियानी चौहट्टा सहित अन्य आस पास के इलाकों में पानी का छिड़काव कर नालियों की सफाई की। विशेष सफाई अभियान में निगम के अतिरिक्त सफाईकर्मी भी लगाए गए। इस दौरान स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष शहरकोट अंदर वेणी राम सालवी, वित्त समिति अध्यक्ष रुचिका चौधरी, लोकेश कोठारी, डॉ. शिल्पा पामेचा, अरुण टाक, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष शर्मा, मदन केसरिया सहित कई पार्षद मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान बगैर मास्क वाले लोगों को महापौर व उप महापौर ने मास्क भी बांटे।