
Bराजसमंद.B राजस्थान के पांचों विद्युत निगमों में कार्यरत राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन ने मांगों एवं ज्वलंत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर सोमवार को उपखंड स्तर पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री के नाम एसडीएम और निगम के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तकनीकी कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में बताया कि तकनीकी कार्मिक विद्युत तंत्र के संचालन, रख-रखाव एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विपरीत परिस्थितियों, अत्यधिक कार्यभार तथा त्योहारों, राजकीय अवकाश, रविवार एवं अन्य अवकाश के दिनों में भी वे सेवाएं देकर प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने में योगदान दे रहे हैं। इसके बावजूद लंबे समय से लंबित मांगों का अपेक्षित समाधान नहीं होने से तकनीकी कार्मिकों में असंतोष व्याप्त है।
ये हैं प्रमुख मांगें
-विद्युत निगमों में कार्यरत कार्मिकों के लिए पारदर्शी एवं न्यायसंगत आधार पर इंटर-डिस्कॉम स्थानांतरण का अवसर प्रदान करने के लिए इंटर-डिस्कॉम तबादला नीति बनाई जाए।
- ग्रेड पे अर्थात टाइम बॉन्ड पदोन्नति के परिलाभ ज्वाइनिंग की तिथि से प्रदान किए जाएं तथा जयपुर डिस्कॉम की भांति सभी विद्युत निगमों में इसे समान रूप से लागू किया जाए।
- विद्युत निगमों में कार्यरत सभी तकनीकी कर्मचारियों को हाई ड्यूटी अलाउंस प्रदान किया जाए।
- विद्युत निगमों में कार्यरत सभी कर्मचारियों को निःशुल्क बिजली की सुविधा प्रदान की जाए।
- तकनीकी कार्मिकों की फील्ड ड्यूटी एवं वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए साइकिल अलाउंस के स्थान पर मोटरसाइकिल अलाउंस लागू किया जाए।
- अत्यधिक वर्कलोड के कारण त्योहारों, राजकीय अवकाश, रविवार एवं अन्य छुट्टी के दिनों में भी तकनीकी कार्मिकों को लगातार ड्यूटी पर बुलाए जाने की स्थिति को देखते हुए तकनीकी पदों का पुनर्गठन किया जाए और आवश्यकतानुसार नए तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती की जाए। साथ ही एण्ड पी. विंग में कार्यभार को ध्यान में रखते हुए स्टाफिंग पैटर्न में संशोधन कर टेक्नीशियन-III, टेक्नीशियन-II एवं टेक्नीशियन-I के पदों में आवश्यक वृद्धि की जाए।
- पदोन्नति व्यवस्था में सुधार: तकनीकी कार्मिकों की पदोन्नति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सीनियर ईएस का पद पुनरीक्षित कर पुनः सृजित किया जाए तथा डिप्लोमा धारक तकनीकी कर्मचारियों को जेईएन द्वितीय पद पर पदोन्नति प्रदान की जाए।