
Bसंपर्क पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं चलेगी, कलक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा कीBBराजसमंद. Bआमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा ने अधिकारियों को सीपी ग्राम्स एवं संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं के निस्तारण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत का निस्तारण महज औपचारिकता नहीं है, बल्कि परिवादी को वास्तविक राहत दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रत्येक परिवेदना का तथ्यात्मक परीक्षण कर समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिला कलक्टर सोमवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में सीपी ग्राम्स एवं संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में एडीएम नरेश बुनकर, एएसपी श्री महेंद्र पारीक सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Bलंबित प्रकरणों की ली जानकारीB
बैठक में कलक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से प्रकरणों के निस्तारण में आ रही समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक परिवेदना को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित विभाग तथ्यात्मक जांच के बाद स्पष्ट एवं प्रभावी कार्रवाई करे। निर्धारित समय सीमा में निस्तारण नहीं होने वाले मामलों की नियमित समीक्षा की जाए तथा अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित रखने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए।
Bपरिवादी को भेजी रिपोर्ट में कार्रवाई स्पष्ट होB
कलक्टर ने कहा कि शिकायतों की संख्या कम करना ही निस्तारण का आधार नहीं है, बल्कि कार्रवाई की गुणवत्ता भी महत्वपूर्ण है। परिवादी को भेजे जाने वाले जवाब में की गई कार्रवाई स्पष्ट रूप से दर्ज होनी चाहिए। जहां संभव हो, शिकायत का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि एक ही तरह की शिकायतें बार-बार सामने आती हैं तो उनके मूल कारणों की पहचान कर विभागीय स्तर पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। कलक्टर ने कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता, जवाबदेही और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रभावी शिकायत निवारण से आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होता है।
Updated on:
11 Aug 2026 06:01 am
Published on:
11 Aug 2026 06:01 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
