
महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम में दी कानूनों की जानकारी
राजसमंद. महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार 1 से 29 जुलाई तक प्रदेश में संचालित “महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम” के तहत सेंट मीरा टीटी कॉलेज नाथद्वारा में जिला स्तरीय संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक सतर्कता राजस्थान जयपुर वंदिता राणा ने की। आयोजन जिला पुलिस अधीक्षक राजसमंद हेमंत कलाल के निर्देशन तथा एएसपी राजसमंद महेंद्र पारीक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला उत्पीड़न प्रकोष्ठ राजसमंद बंशीलाल के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतर्कता राजस्थान शालिनी सक्सेना, पुलिस उप अधीक्षक एससी/एसटी सेल राजसमंद श्यामसिंह रत्नू, वृत्ताधिकारी नाथद्वारा शिप्रा राजावत एवं मुकेश कुमार आरपीएस ने महिला पुलिसकर्मियों, महिला सुरक्षा सखियों, यूथ सीएलजी, स्वयं सहायता समूहों, समाजसेवियों, कालिका पेट्रोलिंग एवं महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीम की महिलाओं से संवाद किया। अधिकारियों ने महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा राज्य सरकार और राजस्थान पुलिस की महिला सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। महिला पुलिसकर्मियों के क्षेत्रीय अनुभव और सुझावों पर चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की मानक संचालन प्रक्रिया एवं त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया, महिला बीट अधिकारी योजना, राजकॉप सिटीजन ऐप, महिला गरिमा हेल्पलाइन, साइबर हेल्पलाइन, महिला सुरक्षा कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े सवालों और समस्याओं के समाधान पर भी संवाद हुआ। कार्यक्रम में थानाधिकारी श्रीनाथजी मंदिर थाना विक्रम सिंह, ब्रजलता चौधरी, सलाहकार लाखन सिंह, सेंट मीरा कॉलेज के सचिव डायरेक्टर हरिओम सिंह, साइबर जागरूकता राजसमंद के प्रोग्रामर खैरूल वसीम, महिला उत्पीड़न प्रकोष्ठ के प्रताप सिंह सउनि, महावीर, तुलछाराम एवं सुश्री धीरज सोलंकी उपस्थित रहे।