उदयपुर

मजदूरी कर पत्नी को पढ़ा-लिखाकर बनाया नर्स, नौकरी लगते ही प्रेमी के साथ लिव-इन में रहने लगी; गुस्साए पति ने उतारा मौत के घाट

Udaipur Crime News: डिम्पल नर्सिंग कोर्स करने के बाद निजी अस्पताल में बतौर नर्स काम करने लगी।
2 min read
• •
Updated: 18 Mar 2025, 9:18 AM IST
udaipur crime news

उदयपुर। हिरणमगरी थाना क्षेत्र के पानेरियों की मादड़ी होली चौक में हुई युवक की हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सामने आया कि उसने पत्नी की पढ़ाई में रुपए खर्च किए और वह जॉब लगी तो पुरुष मित्र के साथ लिव इन में रहने लगी। ऐसे में आरोपी उसकी पढ़ाई में खर्च हुए रुपए की मांग कर रहा था।

नहीं देने पर झगड़ा हुआ और चाकू वार करके मार डाला। हिरणमगरी थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान हो गई थी। आरोपी बोर पीपला बोखला बिछीवाड़ा डूंगरपुर निवासी नरसी मीणा को डूंगरपुर के जंगल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नरसी ने पत्नी डिम्पल को नर्सिंग कोर्स कराया था। डिम्पल नर्सिंग कोर्स करने के बाद निजी अस्पताल में बतौर नर्स काम करने लगी।

जॉब के दौरान 3 साल पहले डिम्पल का परिचय वहीं जॉब करने वाले जितेन्द्र से हुआ था। इसके बाद डिम्पल पति नरसी से रिश्ता तोड़कर सहकर्मी जितेन्द्र के साथ लिव-इन में रहने लगी। विवाद को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच सामाजिक स्तर पर वार्ता भी हुई थी। डिम्पल की ओर से पति नरसी के खिलाफ बिछीवाड़ा थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।

आरोपी नरसी मृतक जितेन्द्र से डिम्पल की पढ़ाई एवं नर्सिंग कोर्स में खर्च रुपए की मांग कर रहा था, लेकिन डिम्पल और जितेन्द्र आनाकानी कर रहे थे। आरोपी नरसी ने अपने स्तर पर दोनों के किराए के रूम का पता लगाया। दोनों के कमरे पर पहुंचा और रुपए मांगे। जितेन्द्र ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपी ने चाकू से जितेन्द्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिससे जितेन्द्र की मौके पर मौत हो गई थी।

यह था पूरा मामला

उल्लेखनीय है कि हिरणमगरी थाना क्षेत्र में पानेरियों की मादड़ी होली चौक स्थित एक मकान में 9 मार्च को दिन दहाड़े गामड़ी देवल डूंगरपुर निवासी जितेंद्र (30) पुत्र वजाराम लिंबात मीणा की हत्या हो गई थी। वह अपनी महिला मित्र डिम्पल के साथ किराए के मकान में रह रहा था।

रविवार सुबह महिला का पति नरसी मीणा पहुंच गया और तीनों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान महिला के पति ने युवक पर चाकूवार करके हत्या कर दी। हत्या के बाद पति-पत्नी के भागते हुए का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। मृतक जितेंद्र और डिम्पल लिव इन रिलेशन में थे और पानेरियों की मादड़ी स्थित किराए के मकान में करीब 5 माह से रह रहे थे।

Updated on:
18 Mar 2025, 9:18 AM IST
Published on: