उदयपुर

झाड़ोल लैम्पस के डी सेंटर पर अनियमितता: 40 की एंट्री, दिया 20 किग्रा गेहूं, सवाल पर बदसलूकी

झाड़ोल. उपखंड मुख्यालय के लैम्पस राशन डीलर डी पर रसद सामग्री वितरण में गड़बड़ी की शिकायत जिला रसद अधिकारी से की गई है।
2 min read
Jan 07, 2018
irregularities jhadol lampus D center udaipur

झाड़ोल. उपखंड मुख्यालय के लैम्पस राशन डीलर डी पर रसद सामग्री वितरण में गड़बड़ी की शिकायत जिला रसद अधिकारी से की गई है। यहां शनिवार को प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन पर दो-दो बार अंगूठा लगवाकर गेहूं दिया गया। वह भी 40 किलो की एंट्री पर 20 किलो। हंगामे पर उपभोक्ताओं से बदसलूकी भी की गई।


जानकारी के अनुसार लैम्पस व्यवस्थापक भूपेन्द्र दामा पुत्र गणेशलाल दामा व उसका मुनीम मशीन पर उपभोक्ता के दो-दो थंब इम्प्रेशन लेकर गेहूं का वितरण कर रहा था। कुछ महिला-पुरुषों ने निरक्षर होने के कारण अंगूठे लगा दिए, लेकिन डीलर पीओएस की पर्ची नहीं दे रहा था। उपभोक्ता के मोबाइल पर पहला मैसेज 20 किलो गेहूं का आया, जिसमें प्राप्ति दर्शाई गई थी। दूसरे मैसेज में 20 किलो शेष बताया गया। चंद मिनट बाद मिले तीसरे मैसेज में उक्त शेष गेहूं की प्राप्ति भी बता दी गई। इस पर उपभोक्ताओं ने आपत्ति दर्ज कराई। इन्होंने शेष 20 किलो गेहूं को लेकर सवाल किया।

मैसेज दिखाते हुए असलियत बताई। आरोप है कि समाधान के बजाय बदतमीजी और गाली-गलौज की गई। जवाब मिला कि जितना माल आया, उतना दे रहे हैं। उपभोक्ता को गेहूं बकाया नही हैं। दो बार अंगूठे मशीन पर लगवाने के सवाल पर वह उपभोक्ताओं पर भडक़ ही गया। ग्रामीणों का कहना है कि सभी उपभोक्ताओं को 25 से 30 किलो गेहूं कम बांटा है। हंगामे का पता लगने पर लैम्पस अध्यक्ष दिलीपसिंह राणावत व सदस्य गोविन्दसिंह सहित कई लोग पहुंचे, लेकिन इन्हें भी संतोषजनक जबाव नहीं दिया गया। शिकायत प्रवर्तन अधिकारी व डीएसओ से की गई है।

कम दे रहा था गेहूं
जानकारी मिलने पर लैम्पस पहुंचा तो उपभोक्ताओं को गेहूं कम दिया जा रहा था। मैंने सवाल भी किया, लेकिन सन्तोषजनक जवाब नहीं दिया। इसकी जानकारी उदयपुर जिला कलक्टर, रसद विभाग व एमडी से की है।
दिलीपसिंह राणावत, अध्यक्ष, झाड़ोल लैम्पस

कार्रवाई की जाएगी
लैम्पस से राशन वितरण में मशीन पर दो-दो बार अंगूठे लगवाकर गेहूं दिया जा रहा है तो गलत है। मैसेज में दर्शाई मात्रा के अनुसार अनुसार गेहू वितरण करना चाहिए। गेहूं कम दिया है तो लैम्पस व्यवस्थापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विजयसिंह, प्रवर्तन अधिकारी, रसद विभाग, उदयपुर

Published on:
07 Jan 2018 03:21 pm