उदयपुर

किराए के मकान में छिपाकर रखा था गांजा, पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा

Aug 10, 2026
Rajasthan

1 किलो 233 ग्राम अवैध गांजा बरामद, 23 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
देवगढ़. अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत दिवेर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक किराए के मकान से 1 किलो 233 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक एवं भीम डीएसपी राकेश वर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी सवाई सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 7 अगस्त 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर भैरूजी चौक, कुआंथल स्थित एक किराए के मकान पर दबिश दी। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो वहां रह रहे कन्हैयादास वैष्णव के कब्जे से प्लास्टिक के कट्टे में भरा अवैध गांजा मिला। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी कन्हैयादास को गिरफ्तार कर लिया। जब्त गांजे का कुल वजन 1 किलो 233 ग्राम बताया गया है।
15 दिन पहले खरीदना बताया
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने उक्त गांजा करीब 15 दिन पहले कैलाशनाथ जोगी निवासी मनोहरपुरा भीलवाड़ा से खरीदना स्वीकार किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच आमेट थानाधिकारी रोहित कुमार को सौंपी गई है।

Updated on:
10 Aug 2026 06:01 am
Published on:
10 Aug 2026 06:01 am