उदयपुर

भाजपा कार्यालय में चले लात-घूंसे, कार्यकर्ता हुए लहूलुहान, कपड़े भी फटे

poltical news udaipur नगर पालिका चुनाव के नामांकन के बाद कार्यालय में हुआ हंगामा
3 min read
भाजपा कार्यालय में चले लात-घूंसे, कार्यकर्ता हुए लहूलुहान, कपड़े भी फटे
भाजपा कार्यालय में चले लात-घूंसे, कार्यकर्ता हुए लहूलुहान, कपड़े भी फटे

उदयपुर/ कानोड़. poltical news udaipur प्रस्तावित नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा में चल रही भीतरी फूट सोमवार को सड़क पर आ गई। पार्टी में एकता के दावे कर रहे भाजपाई बंद कमरे में बैठक के बाद आपस में सिर फुड़ाकर लहूलुहान हाल में बाहर निकले। भाजपा पदाधिकारियों के बीच चले लात-घूंसों की सूचना से कानोड़ नगर पालिका चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले में शामिल कांग्रेस और जनता सेना के राजनीतिक गलियारों में उत्साह दिखाई दिया।
हुआ यूं कि पालिका चुनाव को लेकर अंतिम तिथि से एक दिन पहले सोमवार दोपहर 12.30 बजे भाजपा पदाधिकारी उनके प्रत्याशियों के साथ नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने पहुंचे। जोश-खरोश के साथ बैंड बाजे लेकर पहुंचे प्रत्याशियों एवं पदाधिकारियों की एकता देख राजनीतिक दलों में चर्चा शुरू हो गई, लेकिन नामांकन के बाद पार्टी कार्यालय में हुई बैठक पोल खुल गई। बाहर सामूहिक एकता का दम भर रहे पदाधिकारियों के बीच यहां जमकर लात-घूंसे चले। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो भाजपा देहात जिलाध्यक्ष भंवरसिंह पंवार, डेयरी चेयरमैन गीता देवी पटेल सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में दोपहर करीब 3.30 बजे बैठक शुरू हुई। इसमें वार्ड 8 को लेकर दाखिल दो नामांकनों को लेकर चर्चा के बीच कार्यकर्ताओं में तू-तू-मैं-मैं का शुरू हुआ दौर हाथापाई तक जा पहुंचा। मारपीट में दोनों पक्षों के लोग लहूलुहान हो गए। इस बीच मीडिया की उपस्थिति को भांपते हुए पदाधिकारियों ने बैठक कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया। पदाधिकारी लोगों के चेहरों पर लगा खून साफ कराते दिखे। बैठक समाप्ति के बहाने भारत माता की जय का नारा लगवाने की रस्म पूरी की गई। इसके बाद पदाधिकारियों में एक-दूसरे को लेकर देर शाम तक तनाव दिखाई दिया।

दिखाई दी चोटें
बंद कमरे में चले लात-घूंसों के बाद अश्वीन व्यास, आशुतोष व्यास के साथ नगरपालिका उपाध्यक्ष दर्शन शर्मा के मामूली चोट लगना सामने आया। इधर, पार्टी के बचाव में भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पंवार ने बताया कि कार्यकर्ताओं में आपस में कहासुनी हुई थी। इसे लेकर उनमें समझाइश कर दी है। मारपीट जैसी कोई बात नहीं है। चेहरे पर खून पोंछ रहे कार्यकर्ताओं को लेकर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को नाखून लगने से हल्का खून आ गया था। विवाद के बीच जिलाध्यक्ष ने दोनों दावेदारों के आवेदन को निरस्त बताते हुए मंगलवार को वार्ड 8 के लिए दीपक शर्मा का नामांकन भराना तय किया।

कांग्रेस में जारी मंथन
इधर, कांग्रेस में प्रत्याशियों की जारी सूची के बाद भी पार्टी पदाधिकारियों में सोमवार को भी मंथन जारी रहा। कांग्रेस के आलाधिकारी अब भी कुछ नामों में बदलाव को लेकर सोच-विचार कर रहे हैं। दूसरी ओर जनता सेना राष्ट्रीय दलों की हलचल के साथ उनके उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी करने की तैयारी में सक्रिय दिखाई दी। हालांकि, मंगलवार को नामांकन की अंतिम तिथि है।

पूरी की प्रक्रिया
रिटर्निंग अधिकारी शैलेश सुराणा के समक्ष नामांकन की प्रक्रिया सोमवार को जारी रही। भाजपा की ओर से वार्ड 1 से राजेन्द्र व्यास, 2 से माया वैष्णव, 3 से दौलतराम, 4 से कैसर मीणा, 5 से दुर्गा मीणा, 7 से भगवती बाई, 8 से आशुतोष व्यास व पवन व्यास, 9 से लोकेश पुरोहित, 10 से दौलतराम भोई, 11 से शालू जैन सहलोत, 13 से लक्ष्मीलाल ओड़, 14 से हितेन्द्र सुथार, 15 से तेज प्रकाश रेगर, 16 से गिरधारीलाल स्वर्णकार, 17 से प्रभुलाल खटीक , 18 से शिल्पा मोदी, 19 से ललित तंबोली, 20 से अखिलेश त्रिवेदी, चन्द्रशेखर त्रिवेदी ने नामांकन दाखिल किए । वार्ड 6 व 12 का नामांकन मंगलवार को दाखिल होगा। प्रक्रिया में जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल, उप प्रमुख सुंदरलाल भाणावत, प्रभारी उदयलाल डांगी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष भगवतीलाल शर्मा, तहसील संयोजक भंवरलाल भट्ट, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, नगर पालिकाध्यक्ष अनिल शर्मा, उपाध्यक्ष दर्शन शर्मा, जिला मंत्री विनोद मोर्य, चुनाव सह संयोजक नरेश गर्ग एवं अन्य मौजूद थे।

धुरविरोधियों में गुफ्तगू
वर्तमान भाजपा बोर्ड को पर्दे के पीछे से मिले कांग्रेस के समर्थन की चर्चाओं के बीच सोमवार को नामांकन प्रक्रिया दौरान ऐसे ही कुछ पल लोगों की जुबानी पर फिर से माहौल बनाते दिखे। तहसील कार्यालय में रिर्टनिंग अधिकारी के समक्ष भाजपा के प्रत्याशी जब नामांकन दाखिल कर रहे थे। ठीक उसी समय कार्यालय से सटे एक कक्ष में भाजपा के वल्लभनगर विधानसभा प्रभारी उदयलाल डांगी, भाजपा तहसील संयोजक भंवरलाल भट्ट व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सूरजमल मेनारिया गंभीर गुफ्तगू करते दिखाई दिए। धुरविरोधियों के बीच इस तरह की कानाफूसी को लेकर भी चर्चा बनी रही। poltical news udaipur इधर, जनता सेना व कांग्रेस के 20-20 नामांकन के साथ मंगलवार को भाजपा के बाकी प्रत्याशियों की ओर से नामांकन दाखिला होगा।

Updated on:
06 Nov 2019 12:16 am
Published on:
06 Nov 2019 12:16 am