
Rajasthan Panchayat Elections : उदयपुर. पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में सुबह से ही चुनावी गहमागहमी रही। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए पर्चे दाखिल करने पहुंचे दावेदारों के साथ उनके समर्थकों की भीड़ जुटी रही। जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामांकन का अंतिम दिन मंगलवार था। भाजपा ने इस बार भी ऐनवक्त पर पत्ते खोले और नामांकन के अंतिम समय पर ही सूची जारी की। हालांकि प्रत्याशियों को नामांकन पत्र तैयार रखने की सूचना सोमवार रात को ही दे दी गई थी। नामांकन हो जाने के करीब एक घंटे बाद शाम 4 बजे भाजपा ने सूची सार्वजनिक की। भाजपा ने पूर्व विधायक दलीचंद डांगी, नानालाल अहारी और वल्लभनगर से विधायक प्रत्याशी रहे हिम्मतसिंह झाला को मैदान में उतारा है, वहीं ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा की बेटी संजना मीणा को भी मौका दिया है। पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्तसिंह चौहान, बड़गांव की पूर्व प्रधान प्रतिभा नागदा, जिला महामंत्री ललितसिंह सिसोदिया और घनश्याम मेनारिया को भी अधिकृत प्रत्याशी बनाया है।
सांसद मन्नालाल रावत की पत्नी रजनी रावत के भी चुनाव लड़ने चर्चा थी। लेकिन, नामांकन के लिए मंगलवार को रजनी रावत का नहीं पहुंचना चर्चा का विषय रहा। माना जा रहा है कि रजनी का जिला परिषद सदस्य चुनाव लड़ना तय माना जा रहा था, लेकिन ऐनवक्त पर नाम हट गया। भाजपा ने अर्जुन सिंह चुंडावत को मौका दिया है। वे राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष हैं। उन्हें कांग्रेस के राजसिंह झाला के सामने उतारा गया है।
पूर्व जिला प्रमुख ममता कुंवर के पिता और पूर्व जिलाध्यक्ष भंवरसिंह पंवार का ऐन वक्त पर टिकट काटकर अनिल जारोली को दिया गया। पंवार को पहले सूचना पर वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 31 से नामांकन दाखिल कर दिया था। लेकिन, अंतिम समय में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कॉल करके बताया कि पंवार बेटी को प्रमुख बना चुके हैं। ऐसे में उनके बजाय किसी जैन कार्यकर्ता को मौका दिया जाए। मौके पर जारोली मौजूद थे। ऐसे में उन्हें नामांकन तैयार करने को कहा। उन्होंने अंतिम एक घंटे में नामांकन तैयार कर दाखिल कर दिया। अब पंवार को पार्टी का चिह्न नहीं मिला तो क्या वे नाम वापस लेंगे या निर्दलीय खड़े रहेंगे।
मावली के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी, वल्लभनगर से भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला और कांग्रेस विधायक पुष्करलाल डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए पर्चे भरे। वहीं, उदयपुर ग्रामीण विधानसभा से दो बार चुनाव लड़ चुके कांग्रेस नेता विवेक कटारा ने गिर्वा पंचायत समिति के वार्ड-4 से नामांकन दाखिल कर मुकाबले को रोचक बना दिया।
जिला परिषद सदस्य पद के लिए कांग्रेस से जुड़े कई प्रमुख चेहरों ने भी नामांकन दाखिल किए। मावली के कांग्रेस विधायक पुष्करलाल डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी ने पर्चा भरा। इससे पहले कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष रह चुके लालसिंह झाला ने वार्ड-2 से नामांकन दाखिल किया, जबकि पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के करीबी राजसिंह झाला ने वार्ड-32 से पर्चा भरा। गिर्वा पंचायत समिति के वार्ड-4 से कांग्रेस नेता विवेक कटारा ने नामांकन दाखिल किया।
कलक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए मंगलवार को अंतिम दिन 111 अभ्यर्थियों ने 113 नामांकन पत्र दाखिल किए। अब तक 158 अभ्यर्थी 161 नामांकन भर चुके हैं। प्रथम चरण में चुनाव वाली जिले की 10 पंचायत समिति सदस्य के लिए 272 अभ्यर्थियों ने 286 नामांकन दाखिल किए। अब तक कुल 562 अभ्यर्थियों ने 579 नामांकन प्रस्तुत किए हैं।
बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद गुरुवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद बचे प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होगी। पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए अंतिम दिन फलासिया में सबसे ज्यादा 47 जनों ने 48 नामांकन दाखिल किए। झाड़ोल में 32, भींडर में 31, घासा में 19 और गिर्वा में 32 ने नामांकन पत्र भरे। इसी तरह कुराबड़ में 22, मावली में 22, नाई में 24, ओगणा में 30 तथा वल्लभनगर में 13 ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
वार्ड 1 से निमाराम, 2 से भोपालसिंह देवड़ा, 3 से पुनी कुमारी, 4 से शंकर गमेती, 5 से वरजू बाई, 6 से छोटूलाल, 7 से मुरारी लाल बुंबरिया, 8 से निर्मल गरासिया, 9 से केशुलाल गमार, 10 से प्रेमचंद, 11 से हीरा देवी, 12 से सीता अंगारी, 13 से रुषा देवी, 14 से कमलेश कसौटिया, 15 से लक्ष्मीलाल डामोर, 16 से अनीता देवी, 17 से कोमल कुमारी, 18 से भावना कुमारी, 19 से प्रभुलाल, 20 से बदामी देवी, 21 से कालूराम मीणा, 22 से नानालाल अहारी, 23 से गीतादेवी, 24 से सीता मीणा, 25 से विमल तावड़, 26 से मीरा पारगी , 27 से रामलाल भगोरा , 28 से संजना देवी मीणा , 29 से कंचन डांगी, 30 से मोहिनी कुंवर , 31 से अनिल जारोली, 32 से अर्जुनसिंह चुंडावत, 33 से ओकार वालिया, 34 से घनश्याम मेनारिया, 35 से ललितसिंह सिसोदिया, 36 से पारस कुंवर, 37 से हिम्मतसिंह झाला, 38 से सीता रेगर, 39 से नंदिनी चौहान, 40 से चंद्रगुप्तसिंह चौहान, 41 से पूजा सोनावत, 42 से मंजू देवी, 43 से दलीचंद डांगी, 44 से सीता देवी मीणा, 45 से प्रतिभा नागदा, 46 से डालचंद मेघवाल, 47 से उर्मिला कुंवर के नाम तय हुए।