उदयपुर

लड़की ने पहचान छिपाकर शेयर कर दी ऐसी तस्वीर, अब खोज रही दूसरे राज्य की पुलिस, मचा बवाल

रांची के साइबर अपराध थाना पुलिस की ओर से दर्ज केस में उदयपुर जिले की लड़की के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। रांची पुलिस उदयपुर आई, लेकिन लड़की फरार हो गई। पुलिस ने उसके घर पर नोटिस चस्पा किया है।
2 min read
Dec 28, 2025
Ranchi Police Search for Udaipur Girl After Objectionable Photos Shared Using Fake Identity
उदयपुर की लड़की को खोज रही रांची पुलिस (फोटो-एआई)

उदयपुर: झारखंड की राजधानी रांची के साइबर अपराध थाना में दर्ज एक मामले में उदयपुर की लड़की के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। मामले में कार्रवाई के लिए रांची पुलिस की टीम उदयपुर पहुंची, लेकिन आरोपी लड़की मौके से फरार मिली।

बता दें कि इसके बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर उसके घर सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नोटिस चस्पा किए हैं। साइबर थाना रांची के पुलिस निरीक्षक राहुल कुमार मिश्रा ने बताया कि कालाजी गोराजी रोड निवासी ज्योति अग्रवाल के खिलाफ साइबर अपराध का केस दर्ज किया गया था।

क्या है लड़की पर आरोप

आरोप है कि लड़की ने अपनी पहचान छिपाकर रांची की एक महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल किया। इस संबंध में साइबर थाना रांची में प्रकरण संख्या 78/2025 दर्ज किया गया है।

कोर्ट ने कई बार भेजा नोटिस

पुलिस के अनुसार, आरोपी लड़की को कोर्ट में पेश होने के लिए कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुई। नोटिस मिलने के बावजूद कथित रूप से उसकी गतिविधियां जारी रहीं। इसके बाद न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी कराया गया। वारंट की तामील के लिए जब रांची पुलिस उदयपुर पहुंची तो आरोपी अपने घर पर नहीं मिली और फरार हो गई।

मामले को गंभीर मानते हुए न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ इश्तहार जारी करते हुए कोर्ट में पेश होने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय के आदेश पर रांची पुलिस ने उदयपुर में आरोपी के घर, सूरजपोल थाना परिसर और संबंधित न्यायालय के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा किया है।

क्या कहना है रांची पुलिस का

रांची पुलिस का कहना है, यदि निर्धारित समय सीमा में आरोपी कोर्ट के समक्ष पेश नहीं होती है, तो आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Updated on:
28 Dec 2025 10:22 am
Published on:
28 Dec 2025 10:22 am