Udaipur Court News: उदयपुर कोर्ट में पेशी के दौरान विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने छात्र आंदोलन से जुड़े मामलों को राजनीतिक षड्यंत्र बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए मुकदमे दर्ज किए गए।
उदयपुर। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी शुक्रवार को एक पुराने प्रकरण में पेशी के लिए उदयपुर कोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने कोविड काल के दौरान छात्र हितों को लेकर किए गए आंदोलन से जुड़े मामले में अदालत के समक्ष अपनी बात रखी। कोर्ट परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ के बीच भाटी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीतिक षड्यंत्र बताया।
यह वीडियो भी देखें
कोर्ट में पेशी के बाद मीडिया से बातचीत में भाटी ने कहा कि कोविड-19 के दौर में जब स्कूल-कॉलेज बंद थे, तब ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों की फीस माफी और अन्य समस्याओं को लेकर उन्होंने आंदोलन किया था। उन्होंने बताया कि उस समय विधानसभा का घेराव किया गया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन इन लोकतांत्रिक आंदोलनों को दबाने के लिए उन पर और अन्य युवाओं पर मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और न्याय जरूर मिलेगा।
भाटी ने कहा कि उस समय ग्रामीण छात्र आर्थिक रूप से बेहद कमजोर स्थिति में थे। उनके पास ऑनलाइन पढ़ाई के संसाधन नहीं थे, इसके बावजूद उनसे पूरी फीस ली जा रही थी। इसी के विरोध में उन्होंने आवाज उठाई, जिसे अब गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। समाज में हाल ही में सोशल मीडिया पर चल रहे विवादों और पुराने वीडियो वायरल होने के सवाल पर भाटी ने संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन समाज में मनभेद नहीं होने चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और इसे बनाए रखना जरूरी है।
भाटी ने इशारों में यह भी स्पष्ट किया कि वे विवादों को बढ़ाने के बजाय अब सामंजस्य और एकता की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर चलना ही वास्तविक प्रगति का रास्ता है। इस दौरान बाड़मेर में प्रस्तावित रिफाइनरी को लेकर पूछे गए सवाल पर भाटी ने कहा कि इस परियोजना का सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए। उन्होंने बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा को अपना परिवार बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी ने प्रयास किए हैं और अब परिणाम आने का समय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रिफाइनरी जल्द स्थापित होगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।