उदयपुर

तिरंगे के रंग में रंगा राजसमंद, देशभक्ति के गीतों से गूंजा शहर

Aug 11, 2026
Rajasthan

कृषि उपज मंडी से महाराणा प्रताप उद्यान तक निकली भव्य तिरंगा वाहन रैली
राजसमंद. हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय पर देशभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। कृषि उपज मंडी से महाराणा प्रताप उद्यान तक निकली भव्य तिरंगा वाहन रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। तिरंगे से सजे वाहनों और देशभक्ति के गीतों से पूरा शहर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया। कृषि उपज मंडी से शुरू हुई रैली को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक एवं उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक नेत्रपाल सिंह, जिला खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह, आरके जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. रमेश रजक सहित अन्य मौजूद रहे।
रैली में पुलिसकर्मियों के साथ विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रैक्टर, ऑटो, मोटरसाइकिल, कार सहित बड़ी संख्या में वाहन रैली में शामिल हुए। वाहनों पर शान से लहराते तिरंगे और देशभक्ति के गीतों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। जगह-जगह शहरवासियों में भी रैली को लेकर उत्साह नजर आया।
नारों से गूंजा मार्ग
तिरंगा वाहन रैली कृषि उपज मंडी से निर्धारित मार्ग से होते हुए महाराणा प्रताप उद्यान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में शामिल लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आमजन को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना मजबूत करने का संदेश दिया गया। रैली में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने जिलेवासियों के उत्साह और प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। आयोजन से राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना को और मजबूती मिली।

Updated on:
11 Aug 2026 06:01 am
Published on:
11 Aug 2026 06:01 am