चित्तौड़गढ़ मार्ग पर वाना के पास हुआ था हादसा
उदयपुर. खेरोदा थाना अन्तर्गत राजमार्ग 76 पर वाना के निकट बुधवार को एक ट्रक पलट गया। इसमें आलू की बोरियों के नीचे अवैध शराब की पेटियां मिली।
खेरोदा थाना अधिकारी फारुख मोहम्मद ने बताया कि मौके पर पहुंचे तो ट्रक के आसपास आलू बिखरे हुए थे। ट्रक के पास शराब की बदबू आने पर शक के आधार पर ट्रक को के्रन की सहायता से खड़ा करवा तलाशी ली गई। तलाशी में सड़े आलु की बोरियों के नीचे अवैध शराब के कर्टन मिले। ट्रक को खाली करने पर कुल 208 कार्टन शराब एवं 732 बोतल शराब की खुली मिली। शराब को जप्त कर थाने ले जाया गया। । ट्रक को जप्त कर आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर उच्चाधिकारियों आदेशानुसार श्यामसिंह रत्नू थाना अधिकारी वल्लभनगर को जांच सौंपी है।
गौरतलब है कि हरियाणा से गुजरात तक शराब तस्करी का खेल चलता है। इस खेल में कई बार अन्य तरह के माल के साथ में शराब छिपाकर ले जाई जाती है। इस बार आलू की बोरियों के नीचे शराब ले जाई जा रही थी। वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर शराब तस्करी का खेल उजागर हो गया। इससे पहले मेनार के पास एक वाहन पलट गया था, जिसमें डोडा चूरा तस्करी में ले जाना पाया गया था।