उदयपुर

उदयपुर : गुजरात के व्यापारियों से लूटपाट के मामले में चार गिरफ्तार

उदयपुर में अहमदाबाद के व्यापारियों से हाईवे पर जेवर और 2.35 लाख रुपए लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी फरार हैं; जांच में कई वारदातों का खुलासा हुआ है।
3 min read
Aug 18, 2026
gujrat loot
गोवर्धनविलास थाने में बापर्दा गिरफ्तार आरोपी।

उदयपुर. अहमदाबाद के एक व्यापारी और उसके साथियों से जेवर-नकदी लूटने के मामले में गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन में होटलों में काम करते और रात को हाईवे पर लूटपाट करते रहे हैं। पुलिस ने बलीचा से खेरवाड़ा तक 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले।

थानाधिकारी सुनील चारण ने बताया कि आरोपी कलावत बिलख ऋषभदेव निवासी अशोक कुमार मीणा, निवासी लालचंद मीणा, फलां पालीरोहणफलासिया हाल बावलवाड़ा फलां बेडा निवासी जगदीश कुमार खोखरिया, दमाणाफलासिया निवासी मनीष डामोर को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने वारदातें करना स्वीकार किया है। मामले में अन्य आरोपी विशाल अहारी और अनिल उर्फ बंगाली फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है।

यह था मामला

नरोड़ा अहमदाबाद निवासी कौशल पुत्र राजेन्द्र वर्मा ने मामला दर्ज कराया था। बताया कि गत दिनों व्यापार के लिए सहयोगी वागेलाजयेन्द्र सिंह और प्रदीप वर्मा के साथ उदयपुर आया था। बलीचा स्थित एक रेस्टोरेंट से रात 11 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हुए थे। काया पुलिया पर लघुशंका के लिए कार रोकी। इसी दौरान दो बाईक पर पांच युवक हथियार लेकर आए और जयेन्द्र सिंह को डराकर सोने की बाली, स्वर्णजड़ितरूद्राक्ष और सोने का ब्रेसलेट और 2.35 लाख रूपए ले लिया। शुरुआत में थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो एसपी के समक्ष पेश होकर मामला दर्ज करवाया।

दिन में होटलों में काम, रात को लूटपाट

आरोपियों ने दिसंबर 2025 से अब तक हाईवे पर कई वारदातें की है। इनमें ट्रक और कार ड्राइवर्स को रोककर नकदी-जेवर लूटते रहे है। आरोपी दिन में होटलों में काम करते और रात में बाइक पर निकलकर हाईवे पर लूटपाट करते है।

बस में गांव जा रहे युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

हिरणमगरी थाना क्षेत्र में बस की सीट पर एक युवक मृत मिला। पुलिस ने बताया कि टोला ईटावा उत्तरप्रदेश निवासी कमलेश (23) पुत्र रामावतार तेली की मौत हो गई। वह अहमदाबाद में पेंटिंग कार्य करता था। अहमदाबाद से एक ट्रावेल्स बस में उदयपुर आया और उदयपुर से गांव जाना था। उसकी पत्नी ने कॉल किया तो नहीं उठाया। जैसे तैसे बस चालक के नम्बर जुटाकर कॉल किया। बस चालक ने युवक को संभाला तो मृत मिला। पत्नी के उदयपुर आने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव सौंपा। युवक की मौत की वजह पता नहीं चली।

सूने घर में चोरी, मामला दर्ज

सवीना थाना क्षेत्र के एक मकान में चोरी हो गई। चोर फिटिंग सहित अन्य सामान ले गए। पुलिस ने बताया कि जोशियों की मगरीतितरड़ी निवासी डॉ. कैलाश चन्द्र पुत्र सुलतान सिंह ओला ने मामला दर्ज कराया। बताया कि उसका एक घर गोखरमगरी में है। गोखरमगरी निवासी कैलाश गमेती, प्रेम गमेती, मनीष गमेती पर चोरी का आरोप लगाया। बताया कि आरोपी पानी की मोटर, पंखे, पाईप, रेलिंग, बिजली के तार लाईट फिटिंग, नल फिटिंग, फर्नीचर, बिस्तर, दरवाजे, खिडकियों व खिडकियों के कांच तोड़ कर चोरी कर ले गए।

अपहरण के मामले में तीन गिरफ्तार

सूरजपोल थाना पुलिस ने युवती व उसके मंगेतर का अपहरण करने के मामले में तीन को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सीसारमा रोड निवासी रोहित पारगी, सुनील वडेरा और लुणावतों का खेड़ाझाड़ोल निवासी बंशीलाल उर्फ काली वडेरा को गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि युवती ने 16 अगस्त को मामला दर्ज कराया था। बताया कि वह अहमदाबाद में काम करती है और उसकी सगाई हो चुकी है। 12 अगस्त को मंगेतर उसे लेने के लिए अहमदाबाद आया। दोनों बस में उदयपुर लौटे। दोनों घर जा रहे थे कि एक कार में आए बदमाशों ने अपहरण कर लिया। कार में कल्पेश मीणा व बंशी बैठे थे। कमलेश नामक लड़का पूर्व परिचित है। आरोपी दोनों को रामपुरा जंगल में ले गए और मारपीट की। फिर कार में ले जाकर गांव की तरफ छोड़ दिया।

Updated on:
18 Aug 2026 06:14 pm
Published on:
18 Aug 2026 06:14 pm