उदयपुर

पारम्परिक बैलों की दौड़ देखने उमड़े लोग

खेंखरे पर हुआ आयोजन
less than 1 minute read
Nov 15, 2023
पारम्परिक बैलों की दौड़ देखने उमड़े लोग
पारम्परिक बैलों की दौड़ देखने उमड़े लोग

उदयपुर. भटेवर.ग्राम पंचायत मोड़ी में खेंखरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। गांव में बैलों की पारंपरिक दौड़ देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। किसानों व पशुपालकों की ओर से पशुओं को नहला कर गले मे बैड़ो, मेहंदी, मोरपंखी, गुब्बारों व प्राकृतिक रंगों से श्रृंगार किया गया। परम्परा के अनुसार बैलों के पैरों में घुंघरू भी बांधे गए। मोड़ी गांव के बस स्टैंड के पास विशाल चौक एवं गांव में मंदिर के पास खेंखरा कार्यक्रम हुआ। वहीं आसपास के विभिन्न गांवों से सगे संबंधी व रिश्तेदार भी खेंखरा पर्व मनाने पहुंचे। बस स्टैंड के पास मुख्य चौक में पटेल गंगाराम गाडरी एवं मंदिर परिसर में पटेल भंवरलाल जाट द्वारा बैलों की विधिवत पूजा अर्चना करते हुए उनकी आरती की ।इसके बाद सजे-धजे बैलों को गुड़ की लापसी व कसार खिलाया गया। इसके बाद ढोल व मादल की थाप पर बैलों की दौड़ाया गया। बैलों की दौड़ देखने के लिए लोगो का उत्साह बना रहा। बैलों की दौड़ में सर्वश्रेष्ठ बैलों की जोड़ी के पशुपालक व किसानों को पुरस्कार प्रदान किया गया। इस मौके पर गांव के प्रमुख चौराहों एवं गांव की गलियों में आकर्षक विद्युत सजावट की गई।

क्षेत्र में गोवर्धन पूजा पर्व भी उत्साह से मनाया गया। ग्रामीणों ने पशुधन को सजाकर विधिवत पूजा अर्चना की । वहीं महिलाओं ने गोबर के गोवर्धन बनाकर विधिवत पूजा अर्चना करते हुए क्षेत्र में खुशी की कामनाएं की। ग्रामीणों द्वारा पशुओं के सींगों पर प्राकृतिक कलर एवं मेहंदी से सजाया गया। अन्नकूट महोत्सव को लेकर के चारभुजा नाथ के मंदिर पर धार्मिक कार्यक्रम हुए। इस दौरान चारभुजा नाथ को 56 भोग धरा कर प्रसाद वितरण किया गया।

Updated on:
15 Nov 2023 01:40 am
Published on:
15 Nov 2023 01:40 am