उदयपुर

उदयपुर : मुखर्जी चौक में विरोध के बीच फुटकर विक्रेताओं को मंडी परिसर में किया शिफ्ट

उदयपुर के मुखर्जी चौक से नगर निगम ने पुलिस सुरक्षा के बीच 45 महिला फुटकर विक्रेताओं को हटाकर मंडी परिसर में शिफ्ट किया, जिस दौरान महिलाओं और कांग्रेस नेताओं ने कार्रवाई का विरोध किया।
2 min read
Jul 03, 2026
sabji mandi atikraman
विरोध करती महिलाएं

उदयपुर. पुराने शहर के व्यस्त मुखर्जी चौक पर गुरुवार अलसुबह नगर निगम ने अतिक्रमण हटाया। दस्ते ने फुटपाथ पर वर्षों से कारोबार कर रहीं 45 महिला फुटकर विक्रेताओं को हटाकर मंडी परिसर में शिफ्ट किया। कार्रवाई के दौरान महिलाओं ने जमकर विरोध किया और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन भी किया, लेकिन भारी पुलिस जाब्ते के आगे उनकी एक न चली।

नगर निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता सुबह करीब 5 बजे मौके पर पहुंचा। कुछ ही देर बाद सूरजपोल और धानमंडी थाना पुलिस सहित करीब 70 पुलिसकर्मियों का जाब्ता भी तैनात कर दिया गया। पुलिस सुरक्षा के बीच निगम ने सड़क किनारे रखे पत्थर, ठेले और अन्य सामान हटाना शुरू किया तो महिला विक्रेता विरोध में उतर आईं। उनका कहना था कि वे वर्षों से इसी स्थान पर फल और सब्जियां बेचकर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। उनका आरोप था कि मंडी परिसर के भीतर ग्राहकों की आवाजाही कम रहती है, ऐसे में वहां बैठने से उनकी बिक्री प्रभावित होगी और आजीविका पर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कार्रवाई से पहले वैकल्पिक व्यवस्था की मांग भी की लेकिन निगम ने कार्रवाई जारी रखी।

खाली जगह पर पार्किंग होगी विकसित

निगम अधिकारियों के अनुसार मुखर्जी चौक में फुटपाथ और मुख्य सड़क पर लगने वाली अस्थायी दुकानों के कारण यातायात बाधित होता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी कारण फुटकर व्यापारियों को मंडी परिसर में स्थानांतरित किया गया है। खाली कराई जगह पर पार्किंग विकसित की जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम हो सके।

कांग्रेसियों ने जताया विरोध

कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, पूर्व पार्षद नजमा मेवाफरोश मौके पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने निगम की कार्रवाई को गरीब विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी और पार्किंग के नाम पर गरीबों की आजीविका प्रभावित की जा रही है। कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि मुखर्जी चौक पर बैठने वाले अधिकांश फुटकर विक्रेता श्रमिक परिवारों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम को कार्रवाई से पहले विक्रेताओं से संवाद कर सहमति के आधार पर समाधान निकालना चाहिए था।

विधायक ने किया दौरा

बाद में शहर विधायक ताराचंद जैन ने सब्जी मंडी का दौरा किया। उन्होंने सब्जी विक्रेताओं से बातचीत कर उन्हें नियमित रूप से मंडी परिसर में ही व्यवसाय करने का आग्रह किया।

विधायक ने कहा कि मंडी में व्यवसाय करने से विक्रेताओं को बारिश, तेज धूप और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही ग्राहकों को भी व्यवस्थित वातावरण में खरीदारी की सुविधा मिलेगी। विधायक ने नगर निगम अधिकारियों को मंडी परिसर में नियमित सफाई, स्वच्छता और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Published on:
03 Jul 2026 06:06 pm