उदयपुर स्मार्ट सिटी मॉडल अब प्रदेश के पांच शहरों के विकास की राह तय करेगा। बजट 2025-26 में नाथद्वारा (30 करोड़), माउंटआबू (30 करोड़), जैसलमेर (60 करोड़), भीलवाड़ा (90 करोड़) और बालोतरा (60 करोड़) के स्वच्छ, हरित और आधुनिक विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई।
उदयपुर: राजस्थान की पर्यटन राजधानी उदयपुर का स्मार्ट सिटी मॉडल अब प्रदेश के अन्य शहरों के विकास की राह तय करेगा। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 के तहत राज्य सरकार ने उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को नाथद्वारा, माउंटआबू, जैसलमेर, भीलवाड़ा और बालोतरा जिले के स्वच्छ और हरित विकास की जिम्मेदारी सौंपी है।
राजस्थान शहरी पेयजल सीवरेज एवं अवसंरचना निगम लिमिटेड ने उदयपुर स्मार्ट सिटी को इन परियोजनाओं के लिए परियोजना प्रबंधन सलाहकार नियुक्त किया है। उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड इन शहरों के लिए विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करेगी, तकनीकी मार्गदर्शन देगी और परियोजनाओं की मॉनिटरिंग भी करेगी।
इनमें स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, हरित क्षेत्र बढ़ाने और आधुनिक शहरी अवसंरचना विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा। प्रदेश स्तर पर शहरों के इस विकास मॉडल में जयपुर को छह शहर, कोटा को तीन और अजमेर को दो शहरों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि उदयपुर स्मार्ट सिटी को पांच शहरों का दायित्व सौंपा है। इनमें दो प्रमुख पर्यटन शहर शामिल होने के कारण उदयपुर की भूमिका और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हर शहर की पहचान के अनुसार तैयार होंगे विकास मॉडल पांचों शहरों की पहचान और जरूरतों के अनुसार अलग-अलग विकास मॉडल तैयार किए जाएंगे।