उदयपुर

गुलेल से सीड बॉल प्रक्षेपित कर युवतियों ने जगाई हरियाली की उम्मीद

Jul 27, 2026
Rajasthan

केलवा. पर्यावरण संरक्षण की दिशा में युवतियों ने प्रेरणादायक पहल करते हुए रविवार को बंजर पहाड़ियों और दुर्गम क्षेत्रों में गुलेल के माध्यम से हजारों सीड बॉल प्रक्षेपित किए। माय भारत राजसमंद के निर्देशन में स्वच्छ केलवा–हरित केलवा एवं स्वामी विवेकानंद युवा मंडल, केलवा की ओर से आयोजित अभियान में बड़ी संख्या में युवतियों और बालिकाओं ने भाग लिया। मिट्टी, गोबर और प्राकृतिक खाद से तैयार सीड बॉल में नीम, जामुन, बबूल, करंज, शीशम, अमलतास और आम सहित स्थानीय प्रजातियों के बीज शामिल किए गए। इन्हें बंजर पहाड़ियों, चारागाहों और दुर्गम क्षेत्रों में फैलाया गया। वर्षा ऋतु में इनके अंकुरित होने से हरित आवरण बढ़ने, जैव विविधता समृद्ध होने और मिट्टी का कटाव रोकने में मदद मिलेगी। युवा मंडल अध्यक्ष लालू राम सिंधल ने बताया कि अभियान सात वर्षों से निरंतर चल रहा है। छात्रा अध्यक्ष हंसा राठौड़ ने इसे पर्यावरण जागरूकता का सशक्त प्रयास बताया। कार्यक्रम प्रभारी मीना रजक ने नागरिकों से अधिक से अधिक सीड बॉल तैयार कर बंजर क्षेत्रों में फैलाने का आह्वान किया। सह प्रभारी ज्योति महात्मा, मंत्री प्रीति साहू, पर्यावरण मंत्री रेखा राठौड़, सहमंत्री पायल माली, शिवानी सोनी, निमिषा सिंधल, काव्या रजक और चेष्टा साहू सहित युवतियां व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Updated on:
27 Jul 2026 06:01 am
Published on:
27 Jul 2026 06:01 am