
अरड़किया, भामाखेड़ा और ओड़ा के किसानों ने नाथद्वारा विधायक से मिलकर रखी मांग
पीपली आचार्यान. अरड़किया, भामाखेड़ा एवं ओड़ा के किसानों का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को सामोर बाग पहुंचकर नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ से मिला। किसानों ने पिछले ढाई दशक से नंदसमंद बांध की रेलमगरा माइनर की डी-कमांड नहर को पुनः कमांड करने तथा क्षेत्र के गिरते जल स्तर को बढ़ाने की मांग रखी। रतनराज कुमावत ने बताया कि उन्होंने पिछले एक वर्ष में क्षेत्र का गहन अध्ययन कर कुओं के जल स्तर एवं विभिन्न आंकड़े एकत्र किए और 28 पेज का प्रस्तुतीकरण तैयार किया। किसानों के मांग पत्र पर हस्ताक्षर करवाकर क्षेत्र की वस्तुस्थिति से विधायक को अवगत कराया गया। प्रस्तुतीकरण में क्षेत्र के गिरते जल स्तर, वर्तमान नहर की स्थिति तथा आसपास के पांच गांवों—ओड़ा, अरड़किया, भुरवाड़ा, चौकड़ी एवं मदारा—के तालाबों को भरने की योजना शामिल है। उन्होंने बताया कि मानसून में बहते पानी को नहर के माध्यम से इन तालाबों तक पहुंचाने से माल क्षेत्र के कुओं का जल स्तर बढ़ेगा तथा कृषि, पशुपालन और आजीविका में सुधार होगा। किसानों ने तेजपुरा से भामाखेड़ा तक करीब 5 किलोमीटर नहर को कमांड क्षेत्र में शामिल करने, डी-कमांड हुए गांवों में सिंचाई व्यवस्था बहाल करने अथवा बनास नदी पर एनीकट बनाकर पानी लिफ्ट करने की मांग रखी। प्रस्तुतीकरण में 1967 की बांध क्षमता वर्धन के समय की बेटरमेंट लेवी शुल्क रसीद एवं 1992 की सिंचाई विभाग की रसीदें भी संलग्न की गईं। तेजपुरा से भामाखेड़ा तक कच्ची नहर का पक्का निर्माण करवाने की मांग पर विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने विभागीय अधिकारियों से संवाद कर बेहतर कार्य का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में ओड़ा के पूर्व सरपंच चंद्रवीर सिंह सिसोदिया, शंकर गाडरी, रामचंद्र खारोल, नारायण कुमावत, राहुल खारोल, महेंद्र कुमार यादव आदि मौजूद थे।
फोटो कैप्शन : विधायक को ज्ञापन सौंपता किसानों का प्रतिनिधिमंडल।
Updated on:
27 Jul 2026 06:01 am
Published on:
27 Jul 2026 06:01 am
