उज्जैन

महाकाल मंदिर में दो बुजुर्गों की मौत के बाद जागा प्रशासन, अब कर रहे ये दावा

महाकाल मंदिर में अब दो डिस्पेंसरी, पांच शिफ्ट में तैनात रहेंगे डॉक्टर, 24 घंटे खड़ी रहेगी एंबुलेंस

2 min read
Aug 01, 2018
Mahakal Temple,death of two people,

उज्जैन. महाकाल मंदिर में 24 घंटे के दौरान दो बुजुर्ग श्रद्धालुओं की मौत से चेते प्रशासन ने अब मंदिर में स्वास्थ्य सुविधाओं में बदलाव किया है। मंदिर में अब दो डिस्पेंसरी खोली गई है। इनमें पांच शिफ्टों में एमबीबीएस डॉक्टर सहित छह सदस्यी मेडिकल स्टॉफ की तैनाती की गई है। वहीं मंदिर के बाहर अब चौबीस घंटे एंबुलेंस भी खड़ी रहेगी।
साथ ही सीएमएचओ और अपर कलेक्टर स्तर के अधिकारी को मंदिर में स्वास्थ्य सुविधा का जायजा लेने और संसाधन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्रावण मास के पहले सोमवार को मुंबई (ठाणे) से दर्शन करने आए बुजुर्ग श्रृद्धालु द्वारका यादव व रविवार को ऋषिनगर निवासी राजेंद्र श्रीवास्तव की मंदिर में मौत हो गई थी। दोनों हादसों में मंदिर में श्रद्धालुओं को लंबे समय तक पैदल चलने और समय पर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलना सामने आया था। स्थिति यह थी कि द्वारका यादव के गिरने के बाद स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं हो पाया था। मामले में मंदिर की प्रतिष्ठा धूमिल होने के चलते ताबड़तोड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाया। मंदिर में अब निर्गम गेट और प्याऊ के पास दो डिस्पेंसरी खोल दी गई है। इनमें निर्गम गेट पर सुबह 7 से 11 बजे तक स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। वहीं प्याऊ के पास डिस्पेंसरी चार शिफ्ट सुबह 7 से 11, 11 से 1, 1 से 7 व 7 से 11 बजे तक खुली रहेगी। प्रत्येक शिफ्ट में एक एमबीबीएस डॉक्टर के साथ एक आयुष डॉक्टर, कंपाउंडर और नर्स का छह सदस्यीय स्टॉफ भी रहेगा। वहीं मंदिर के बाहर एक एंबुलेंस भी 24 घंटे खड़ी रहेगी। बता दें कि अब तक मंदिर में एक डिंस्पेंसरी थी और उसे आयुष डॉक्टर की तैनाती की हुई थी।
डॉक्टर की कमी, बाहर से बुलाएंगे
मंदिर में पांच शिफ्ट में पांच डॉक्टरों की तैनाती रहेगी। यहां डॉक्टर की कमी न हो इसके लिए बाहर से डॉक्टर बुलाने की तैयारी की जा रही है। वहीं नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं को भी मंदिर में ड्यूटी लगाई जाएगी।
सवारी में एंबुलेंस और रामघाट पर डिस्पेंसरी
महाकाल मंदिर ही नहीं अब सवारी के दिन भी स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा किया गया। अब सवारी में भी एक अतिरिक्त एंबुलेंस साथ रहेगी। वहीं मंदिर के साथ रामघाट, छत्रीचौक पर पैरोमेडिकल स्टॉफ रहेगा। जो श्रद्धालुओं के उपचार करेगा।
अपर कलेक्टर आर्य को सौंपी जिम्मेदारी
मंदिर में स्वास्थ्य सुविधाओं के निरंतर निरीक्षण करने के लिए अपर कलेक्टर दीपक आर्य को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे स्वास्थ्य विभाग के साथ मंदिर में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेंगे। जो सामग्री की आवश्यकता होगी उसे उपलब्ध करवाएंगे।
स्टॉफ तैनात किया है
मंदिर में दो डिंस्पेंसरी खोल दी गई है। इनमें पांच शिफ्ट में पांच एमबीबीएस डॉक्टर व मेडिकल स्टॉफ तैनात किया गया है। एक एंबुलेंस भी २४ घंटे खड़ी रहेगी। मंदिर में स्ट्रेचर, ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी नहीं है, अगर जरूरत है तो वह भी उपलब्ध करवा देेंगे।
राजू निदारिया, सीएमएचओ

ये भी पढ़ें

देश के आईकॉन महाकाल मंदिर में अनहोनी : 24 घंटे में दो श्रद्धालुओं की मौत, स्ट्रेचर भी नहीं मिला…
Updated on:
01 Aug 2018 01:01 am
Published on:
01 Aug 2018 06:00 am
Also Read
View All