बाइक पर बैठाने से मना किया तो फौजी से की मारपीट, पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज
नागदा. छुट्टी मनाने घर आए आर्मी के एक फौजी के साथ कुछ लोगों ने इसलिए मारपीट कर दी, कि उसने अपनी बाइक पर एक अनजान शख्स को बैठाने से मना कर दिया। घटना नागदा बस स्टैंड की है।
केले बेचने वालों ने पीटा
बताया जा रहा है कि बस स्टैंड पर ही ठेलेगाड़ी लगाकर केले बचने वाले एवं उसके कुछ साथियों द्वारा फौजी के साथ मारपीट की जा रही थी, तभी कुछ लोगों ने नागदा पुलिस को फोन पर घटना की सूचना दी, लेकिन हर बार की तरह पुलिस घटना के करीब आधा घंटे बाद पहुंची। जब तक आरोपी भाग चुके थे। फौजी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
छुट्टी मनाने घर आया था फौजी
फौजी ने पुलिस को अपना नाम कन्हैयालाल पिता अंतरसिंह निवासी ग्राम चंदवासला बताया है। वर्तमान में वह उप्र के लखनऊ शहर स्थित आर्मी केंट में पदस्थ है। फौजी ने बताया कि हाल ही में वह छुट्टी मनाने घर आया है। बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब जब वह बाइक से गुजर रहा था, तभी बस स्टैंड पर एक व्यक्ति ने उसे हाथ देकर रोका और पुराने ओवर ब्रिज के पास छोडऩे का कहा। जब उसने मना किया तो उसने और उसके साथियों ने मारपीट शुरू कर दी।
भीड़ में से किसी ने दे दी पुलिस को सूचना
आरोपियों द्वारा काफी समय तक फौजी के साथ मारपीट की गई। इस दौरान मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि भीड़ में से ही किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। करीब आधा घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक मारपीट करने वाले लोग फरार हो चुके थे। इधर, पुलिस आने के पहले जब लोगों को पता चला कि आरोपियों ने एक फौजी के साथ मारपीट की है, तो लोगों ने आरोपी के ठेले पर रखे सारे केले सड़क पर फेंक दिए और ठेले को भी नुकसान पहुंचाया। फौजी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 427, 323, 294,506 व 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।