
माकड़ौन. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी माकड़ौन का विकास नहीं किया। भाजपा की सरकार जब बनी तब यह केवल कस्बा था। आज माकड़ौन कस्बे से विकसित शहर की ओर अग्रसर है। मैंने नर्मदा को मां शिप्रा में मिलाने की ठानी थी जो पूरा किया है, अब नर्मदा को तराना विधानसभा में लाना है। प्लान बन कर तैयार है जिसका जल्द ही शिलान्यास होने वाला है। हमने बहनों के लिए बहुत काम किया है।शिक्षक भर्ती में 50 प्रतिशत व पुलिस में 33 प्रतिशत महिलाओं की भर्ती की जाएगी। हमने कानून बनाया है जो भी बच्चियों से गंदी हरकत करेगा उसे फांसी के फंदे पर टांग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सोमवार को माकड़ौन में जनआशीर्वाद यात्रा के पहुंचने पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैंने संबल योजना हर वर्ग के गरीब लोगों के लिए बनाई है। इसमें छोटे व्यापारी व छोटे किसान जो 5 एकड़ जमीन के मालिक हैं, उनको भी गरीब मानकर संबल योजना में जोड़ा है। तराना तहसील के 79833 गरीबों के करीब 25 करोड़ रुपए बिजली के बिल माफ किए हैं। हमारा लक्ष्य 4 साल में हर गरीब को पक्का मकान बनाकर देना है। मैंने समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई है । किसी को भी डरने और घबराने की जरूरत नहीं है। मैं जनता की भलाई के लिए जी जान लगा दूंगा।
इससे पूर्व स्वागत भाषण देते हुए विधायक अनिल फिरोजिया ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में जो काम नहीं किए वह पिछले 5 वर्षों में शिवराज जी के आशीर्वाद से तराना विधानसभा में हुए है। मध्य प्रदेश में पिछले अनुपूरक बजट में डेढ़ सौ करोड़ की राशि तय की थी जिसमें से 96 करोड़ रुपए मुख्यमंत्री द्वारा तराना विधानसभा को दिए हैं। 10 सड़कों में से नौ सड़क विधानसभा को दी है। कार्यक्रम में मंच पर राज्यसभा सांसद सत्यनारायण जटिया, यात्रा प्रभारी जगदीश अग्रवाल, श्याम बंसल ,बाबूलाल जैन, ओम जैन, शिवनारायण जागीरदार, तारा चंद गोयल, मनोहर बोहरा, संजय जैन, डॉ लक्ष्मण सिंह नांदेड आदि कार्यकर्ता मौजूद थे। सभा के बाद मुख्यमंत्री रथ में बैठकर नगर भ्रमण करते हुए रूपा खेड़ी के लिए रवाना हुए।