उज्जैन

पिता के बनवाए मकान में ही रहेंगे एमपी के सीएम मोहन यादव के परिजन, दो मंजिला बिल्डिंग का बड़ा हिस्सा टूटा

CM Mohan Yadav : खजूरवाली मस्जिद गणेशचौक तक मार्ग चौड़ीकरण के अंतर्गत आ रहा मकान, सीएम जहां जन्मे, पले बढ़े, उसी घर को तोड़ना पड़ा
2 min read
• •
Sep 28, 2026
सीएम मोहन यादव
सीएम मोहन यादव- image- X @DrMohanYadav51

CM Mohan Yadav : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुश्तैनी मकान उज्जैन में है जिसे ढहाया जा रहा है। इसका एक बड़ा हिस्सा तोड़ दिया गया है। उज्जैन में सिंहस्थ के लिए रोड चौड़ी की जा रहीं हैं जिसके लिए सीएम मोहन यादव का मकान भी तोड़ना पड़ रहा है। उन्होंने खुद कुदाल चलाकर मकान तोड़ने की कार्यवाही शुरु की। यह दो मंजिला मकान सीएम मोहन यादव के पिता ने बड़ी मेहनत से बनवाया था। खजूरवाली मस्जिद गणेशचौक तक मार्ग चौड़ीकरण के अंतर्गत आ रहे इस मकान का 2.9 मीटर का बड़ा हिस्सा तोड़ा जाएगा। हालांकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के परिजन इसी मकान में रहेंगे। वे अपने पुश्तैनी मकान को छोड़कर नहीं जाएंगे।

जिस मकान में सीएम मोहन यादव ने अपनी आंखे खोली, जहां भाई- बहनों के साथ बचपन बिताया, जहां खेले, पढ़े, बढ़े हुए, जहां शादी हुई और जिसकी जमीन ने संस्कारों की गहरी जड़ें व छत ने उन्नति की ऊचाइयां दी, शहर विकास में उस मकान को भी समान नजरिए से ही देखा। चौड़ीकरण में मकान का जितना हिस्सा बाधा बन रहा है, उसे हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई है।

मुख्यमंत्री के पैतृक मकान का छज्जा हटाया

खजूरवाली मस्जिद गणेशचौक तक मार्ग चौड़ीकरण के अंतर्गत आ रहे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पुश्तैनी मकान का करीब 10 फीट हिस्सा तोड़ा जाएगा। तुड़ा़ई की शुरुआत रविवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ही कुदाली मारकर की। इसके बाद दो मंजिला भवन के छज्जे को तोडऩे की कार्रवाई शुरू हुई। यह समय डॉ. यादव के लिए भावुक कर देने वाला था।

मकान में मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिजन रहते हैं। परिवार की पुरानी तस्वीर सहित इस मकान में डॉ. यादव से संबंधित कई सामग्रियां अब भी मौजूद हैं। जब वे घर का पूजन कर रहे थे, कुदाली मार रहे थे, कमरों में घूम रहे थे, तब उनके चेहरे से स्पष्ट हो रहा था कि उनके मन-मस्तिष्क में जीवन का लंबा दौर चंद मिनटों में घ़़ूम गया है। बता दें कि वर्तमान में मुख्यमंत्री मोहन यादव का निज निवास गीता कॉलोनी में स्थित है।

बचपन की गली में पहुंचे डॉ. यादव

अब्दालपुरा के जिस संकरे मार्ग पर मुख्यमंत्री का पुश्तैनी मकान है, उनका बचपन भी उसी क्षेत्र में बिता है। रविवार को जब डॉ. यादव बचपन की यादों से भरी इस गली में पहुंचे तो मोहल्ले के बुजुर्ग, युवा उन्हें देखने और अभिवादन करने अपने घरों से बाहर गए। क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने कुछ समय के लिए मार्ग पर प्रवेश बंद रखा।

चार घर नजदीक रहने वाले पूर्व पार्षद व भाजपा महामंत्री जगदीश पांचाल ने बताया, डॉ. यादव का जन्म इसी मकान में हुआ था। बचपन, युवा अवस्था बीती। शादी भी हुई। यूडीए अध्यक्ष बने, तब भी वे यहीं रहते थे। चौड़ीकरण में पांचाल के मकान का 18 फीट हिस्सा प्रभावित हो रहा है।

15 मीटर चौड़ा होगा मार्ग

सिंहस्थ अंतर्गत नगर निगम खजूरवाली मस्जिद से गणेश चौक जीवाजीगंज थाने तक मार्ग चौड़ीकरण कर रहा है। करीब 730 मीटर लंबे इस मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। मार्ग चौड़ीकरण और विकास कार्य के लिए सरकार ने 9.80 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। यह मार्ग शहर के प्रमुख और व्यस्त संपर्क मार्गों में शामिल है। चौड़ीकरण के तहत रोड की उपलब्ध चौड़ाई बढ़ाने के साथ यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर जोर रहेगा।

निगम अध्यक्ष का मकान भी टूटेगा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पुश्तैनी मकान के सामने कुछ दूरी पर उनकी बड़ी बहन व नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव का भी मकान है। चौड़ीकरण में उनके मकान का भी करीब 12 फीट हिस्सा प्रभावित हो रहा है। इसकी तुड़ाई भी शुरू होगी।

Updated on:
28 Sept 2026 10:20 am
Published on:
28 Sept 2026 10:18 am