- कई मरीज अस्पताल में फंसे - आईसीयु में लगी आग
उज्जैन। शहर के फ्रीगंज स्थित पाटीदार अस्पताल में रविवार सुबह 11.30 बजे आग लगने से हड़कंप मच गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित तरीके से दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आग पहली मंजिल से ऊपर की ओर बढ़ती जा रही थी।
सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस-प्रशासन का दल मौके पर पहुंचा। अस्पताल में भर्ती सभी 80 मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। इनमें कई कोरोना संक्रमित भी थे। बताया जा रहा है कि आग लगने से चार मरीज झुलस गए है। इन्हें इलाज के लिए समीप के गुरुनानक अस्पताल में भर्ती किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान अस्पताल के आइसीयू वार्ड के बेड सहित अन्य सामान जल गए। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
आसपास के लोगों का कहना है कि जिस वक्त आग लगी, उस समय 350 लोग वहां मौजूद थे। अगर समय रहते दमकलकर्मी नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के 25 वाहन लगाए गए थे। इसके अलावा मरीजों को शिफ्ट करने के लिए 30 एम्बुलेंस लगा दी गई थीं।