
नागदा. नगरपालिका अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत के बूते नागदा का नाम फिर प्रदेशस्तर पर चमका है। दरअसल यह उपलब्धि मप्र शासन द्वारा चलाए गए शहर सरकार आपके द्वारा अभियान में अच्छे काम करने पर मिली है।
अभियान 2 से 22 अक्टूबर तक चला था। इसमें घर-घर जाकर ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराने के अलावा जल एवं संपत्ति कर जमा करने के तरीके लोगों के बताए थे। वार्डवार शिविर लगाकर ऑनलाइन समस्याओं का निदान एवं करों का भुगतान भी किया। अभियान की सफलता का आकलन इसी बात से लगाया जा सकता है कि नपा को प्रदेश में तीसरा स्थान मिला है, जबकि पहले स्थान पर महाराजपुर एवं दूसरे पर उमरिया नपा रही।
अभियान की सफलता के लिए नपाध्यक्ष अशोक मालवीय एवं सीएमओ सतीश मटसेनिया ने सभी नपा अधिकारी एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। 1975 लोगों को ऑनलाइन करों के भुगतान करने का तरीका सिखाया। अभियान के प्रभारी राकेश पंवार ने बताया कर्मचारियों ने घर-घर जाकर लोगों को करों को ऑनलाइन भुगतान के प्रति जागरूक किया। शहरभर में 1975 शिक्षित युवाओं व नागरिकों को इ नगर पालिका पोर्टल एवं एप डाउन लोड करवाकर भुगतान के तरीके बताए।
करीब 58 हजार की वसूली
वार्डवार शिविर में लोगों से बकाया करों के भुगतान का अनुरोध किया था। नगरपालिका को करीब 58 हजार की आय हुई। 332 शिकायतों का भी मौके पर समाधान किया गया।
इनकी मेहनत रंग लाई
सीएमओ मटसेनिया के मार्गदर्शन में चलाए अभियान की सफलता में प्रभारी राकेश पंवार, उपेंद्रसिंह पंवार, लोकेश गुप्ता, पिनस फ्रिंकलीन शिंदे, जितेंद्र रघुवंशी, बाबूलाल मीणा, राजेंद्र शर्मा, सुमित्रा शर्मा व स्व-सहायता समूह की महिलाओं का भी विशेष योगदान रहा।
अंतिम तारीख तक हुए 62 पंजीयन
महिदपुर. नगरपालिका मुख्यमंत्री कन्या विवाह सहायता योजना में 10 एवं 11 नवंबर को सामूहिक निकाह सम्मेलन करेगी। मुख्य नगरपालिका अधिकारी प्रभुलाल पाटीदार ने बताया अंतिम तिथि तक 62 कन्याओं ने पंजीयन करवाया। शासन के नवीन निर्देशों के अनुसार सामूहिक निकाह सम्मेलन में निकाह करने पर कन्या को 48 हजार नकद बैंक खाते में दिए जाएंगे। जानकारी योजना प्रभारी अब्दुल रहीम ने दी।