उज्जैन

video : पालकी में विराजे महाकाल, दर्शन करने उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवमय हुआ शहर

सावन के पहले सोमवार को शाही ठाठ से नगर भ्रमण पर निकले राजा महाकाल
2 min read
• •
Updated: 30 Jul 2018, 6:58 PM IST
patrika
mahakal,Mahakal Temple,ujjain mahakal,ujjain mahakal temple,Ujjain Mahakal Mandir,

उज्जैन. श्रावण मास के सोमवार को बाबा महाकाल की पहली सवारी निकली। बाबा ने मनमहेश स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिए। दोपहर करीब 3.30 बजे सभामंडप में पालकी पूजन किया गया। इसके बाद 4 बजे पालकी मंदिर के मुख्य द्वार पर आई, यहां पुलिस बल की ओर से बाबा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पालकी महाकाल चौराहे, गुदरी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए शाम करीब 5.15 बजे रामघाट पहुंची।

प्रजा को दर्शन देने आए महाकाल
श्रावण-भादौ मास की पहली सवारी निकली, जिसमें राजाधिराज महाकालेश्वर प्रजा का हाल जानने के लिए निकले। श्रावण के प्रथम सोमवार को बाबा महाकाल चांदी की पालकी पर सवार होकर भक्तों को मनमहेश स्वरूप में दर्शन दिए। बाबा महाकाल की सवारी का सिलसिला सोमवार से प्रारंभ हो गया है। फूलों से सजी चांदी की पालकी में मनमहेश का पूजन कर उन्हें नगर भ्रमण के लिए शाही अंदाज में निकाला गया।

राजा को गार्ड ऑफ ऑनर
मंदिर में पूजन के बाद शाम 4 बजे पालकी नगर भ्रमण के लिए मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची। यहां पुलिस सशस्त्र बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद बाबा प्रजा का हाल जानने के लिए निकले। सवारी प्रमुख मार्गों से होते हुए रामघाट पहुंची, जहां मां शिप्रा के जल से बाबा का अभिषेक पूजन किया गया। इसके बाद निर्धारित मार्ग से मंदिर के लिए रवाना हुई।

हजारों लोग हुए शामिल
भगवान महाकाल श्रावण-भादौ में हर सोमवार को नगर भ्रमण पर निकलते हैं और प्रजा का हाल जानते हैं। इस नजारे को देखने हजारों-लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। प्रथम सवारी में मनमहेश स्वरूप में भगवान महाकाल ने प्रजा को दर्शन दिए। अगली सवारियों के क्रम में शिव के मुखारविंदों की अलग-अलग रजत प्रतिमाओं की सुंदर झांकियां और चांदी की पालकी में सवार होकर स्वयं बाबा महाकाल नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। भूत-पिशाच, देवी-देवताओं का रूप बनाकर सवारी में शामिल हुए। भजन मंडलियां रास्तेभर भोले का गुणगान करती चलीं।

क्यों निकाली जाती है सवार, क्या है परंपरा
भगवान महाकाल की सवारी की परंपरा सदियों पुरानी है। महाकाल उज्जैन के राजा हैं और जिस तरह से राजा अपनी प्रजा के हालचाल जानने निकलते थे, ठीक वैसे ही महाकाल भी सवारी के रूप में अपनी प्रजा का हाल जानने निकलते हैं। सावन और भादौ के अलावा कार्तिक माह और दशहरे पर भी सवारी निकलती है।

Updated on:
30 Jul 2018, 6:58 PM IST
Published on: