उज्जैन

प्रधानमंत्री कराने आए पक्के घर में प्रवेश, पंडाल ही उड़ गया

पांडाल उखड़ा, पीएम के कार्यक्रम का नहीं हो पाया सीधा प्रसारण
2 min read
• •
Updated: 24 Jun 2018, 6:31 PM IST
patrika
प्रधानमंत्री कराने आए पक्के घर में प्रवेश, पंडाल ही उड़ गया

पत्रिका. जोगीपुरा में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण से पहले ही पानी फिर गया। हितग्राहियों को जिन घरों में गृह प्रवेश करवाना के लिए जनप्रतिनिधि-अधिकारी जमा हुए थे, तेज बारिश के चलते उन्हें उन्हीं आवासों में आसरा लेना पड़ा। कई अधिकारी-जनप्रतिनधि तो बारिश शुरू होने के कुछ देर बाद ही कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए।

शनिवार को मक्सीरोड स्थित जोगीपुरा में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यहां इंदौर में आयोजित नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी होना था। शाम करीब ४ बजे कार्यक्रम शुरू होने के साथ ही तेज बारिश भी शुरू हो गई। इससे कार्यक्रम स्थल पर बना पांडाल टूट गया और टीनशेड उखड़ गए। थोड़ी ही देर में कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। जिसे जहां जगह मिली, वह वहां दुबक गया। जान बचाने के लिए एक घर में ५०-५० लोग जमा हो गए। गनीमत रही कि मौके पर किसी प्रकार का हादसा नहीं हुआ।

ताबड़तोड़ लोगों को टीनशेड से निकाला
पांडाल टूटने के साथ ही मौके पर भगदड़ मच गई। कई प्रमुख अधिकारी-जनप्रतिनिध तो थोड़ी देर में ही मौके से रवाना हो गए। पांडाल बचाने के लिए कुछ क्षेत्रवासी बल्ली-पोल पकड़कर खड़े हो गए, लेकिन जब स्थिति नियंत्रित नहीं हुई तो उन्हें भी हार मानना पड़ी। कई लोग टीनशेड के नीचे जमा रहे। यह देख स्मार्ट सिटी सीइओ अवधेश शर्मा व उनकी टीम ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ पांडाल खाली करवाया।

तैयारियों पर फिरा पानी
क्षेत्र को वंदन वार आदि से सजाया गया था वहीं घरों के बाहर कलश, पूजन सामग्री रख परंपरागत तरीके से गृह प्रवेश कराया जाना था। पीएम मोदी द्वारा इ-लोकार्पण का सीधा प्रसारण करन के लिए पांडाल में एलइडी लगाई गई थी वहीं जोगीपुरा के कुछ हितग्राहियों से मोदी की चर्चा भी होना थी। आयोजन को लेकर हितग्राहियों सहित अधिकारी-जनप्रतिनिध खासे उत्साहित थे। इंदौर में पीएम मोदी के भाषण शुरू होने के कुछ समय पहले ही तेज बारिश होने के कारण सारी व्यवस्था चौपट हो गई और सीधा प्रसारण बंद हो गया। बारिश व तेज हवा के चलते लगाए गए वंदन वार, होर्डिग्स, फ्लेक्स आदि टूट-फूट गए।

Published on: