
उज्जैन. छात्राओं को माहवारी के समय आने वाली समस्याओं से मुक्ति दिलाने के लिए दशहरा मैदान स्थित कन्या विद्यालय में बुधवार को सेनिटरी नेपकिन वेडिंग मशीन लगाई गई। 50 पेड की क्षमता वाली इस मशीन को एटीएम की तरह उपयोग किया जा सकेगा। दो रूपए का सिक्का डालकर छात्राएं पेड निकाल सकेगी। इसी के साथ पेड को उपयोग करने के बाद नष्ट भी किया जा सकेंगा। इसके लिए भष्मक यंत्र इंसीनरेटर मशीन भी लगाई गई है। इस मशीन में एक साथ 50 से अधिक उपयोग किये गये पेड भस्म किये जा सकेंगे।
मशीन का शुभारंभ हुआ
बुधवार को स्कूल में मशीन का शुभारंभ्ज्ञ किया गया है। इस अवसर पर डॉ. जया मिश्रा, प्राचार्य ए.आर. तिनखे, वरिष्ठ व्याख्याता राजश्री चौधरी, मीना झालानी उपस्थित रही। कार्यक्रम में पेड के संबंध में छात्राओं के बीच जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया। इसमें डॉ. जया मिश्र ने पेड के उपयोग से कई बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। संजीव शर्मा ने बताया कि नेशनल बैक वर्ड क्लास फाइनेंस एंड डेवलपमेंट की कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी गतिविधियों के तहत एमपीसीओएन के सहयोग से प्रदेश के रतलाम व उज्जैन जिले के चयनित 20 विद्यालयों में बालिकाओं की सुविधा हेतु सेनिटरी नेपकिन वेडिंग मशीन सह इंसिनिरेटर की स्थापना की जा रही है। इन मशीनों की स्थापना का मुख्य उद्देश्य विद्यालय परिसर में बालिकाओं को माहवारी के दौरान होने वाली समस्याओं को ध्यान में रखकर समुचित सुविधा प्रदान करना है।
स्वचालित है मशीन
विद्यालय में दोनों स्थापित मशीनें स्वचालित हैं। बालिकाओं द्वारा व्यक्तिगत रूप से इसका संचालन किया जा सकता है। प्रथम मशीन जो कि सेनिटरी नेपकिन वेडिंग मशीन है। जिसका संचालन बालिकाओं एवं विद्यालय प्रशासन द्वारा एटीएम की तर्ज पर किया जा सकेगा। इस मशील के इस्तेमाल की प्रक्रिया बेहद सरल है जिसमें 2 रूपये के सिक्के को मशीन में डाल कर 1 सेनेटरी नेपकिन प्राप्त किया जा सकेगा। दूसरी मशीन इंसिनिरेटर हैं इसका उपयोग इस्तेमाल किये गये नेपकिन पैड को सुविधाजनक तरीके से मशीन के माध्यम से भष्मीकृत करने के लिए किया जाता है। बालिकाओं की सुविधा तथा स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए दोनों मशीनें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दशहरा मैदान में स्थापित की गई। इससे पूर्व कन्या विद्यालय सराफा में भी दोनों मशीने स्थापित की गई। दोनों मशीनों का संचालन बिजली के माध्यम से किया जाएगा।