उज्जैन

आस्था को आघात से बचाने के लिए उज्जैन नगर निगम ने की यह अच्छी पहल

निर्माल्य कलेक्शन के लिए अलग से वाहन
2 min read
• •
Updated: 6 Oct 2018, 6:00 AM IST
patrika
Ujjain,mahakal mandir,Nagar nigam ujjain,

उज्जैन. कचरा वाहन में धार्मिक पूजन सामग्री (निर्माल्य) उठवाने के चलते अब लोगों की आस्था आहत नहीं होगी। नगर निगम ने निर्माल्य सामग्री के लिए दो विशेष तरह के वाहन तैयार किए हैं। पीले रंग के इन मिनी टीपर वाहनों को प्रमुख मंदिर क्षेत्रों नियमिति रूप से चलाया जा रहा है। इन्हीं के जरिए निर्माल्य सामग्री एकत्रित कर निष्पादन के लिए भेजी जा रही है। यदि शहर में कहीं धार्मिक स्थल या आयोजन में इन्हें बुलाया जाता है तो वहां भी ये वाहन पहुंचकर निर्माल्य एकत्रित करेंगे। यह पहली बार है जब निगम ने धार्मिक सामग्री उठवाने के लिए इस तरह के वाहनों की व्यवस्था की है।
गणेश प्रतिमाओं व निर्माल्य विसर्जन में कचरा वाहन उपयोग किए जाने को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन का विरोध किया था और सहायक यंत्री पर कालिख पोत दी थी। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने इस पर विचार किया और माना कि कचरा वाहन में निर्माल्य ले जाने पर आस्था आहत होती है। एेसा ना हो इसके लिए निगम ने दो मिनी टीपरों को पीले रंग से पुतवाकर इन्हें निर्माल्य वाहन नाम दिया। इस पर धूप व पुष्प माला की आकृति भी बनाई गई है। ये वाहन रामघाट, महाकाल, हरसिद्धि क्षेत्र सहित कुछ जगह पर नियमित भ्रमण कर रहे हैं।
अलग से स्टॉफ व सुविधा
निर्माल्य पूजन सामग्री एकत्रित करने के लिए निगम से अनुबंधित ग्लोबल वेस्ट कंपनी ने अलग से स्टॉफ व ये सामग्री निष्पादित करने की व्यवस्था की है। प्रमुख क्षेत्रों में तो ये वाहन खुद जाकर कलेक्शन कर रहे हैं। बाकी जगह किसी मंदिर से अधिक मात्रा मेंं निर्माल्य या धार्मिक सामग्री निकलेगी तो पूर्व सूचना पर वाहन वहां पहुंचेंगे। इसके लिए संबंधित को निगम के कंट्रोल रूम ०७३४-२५३५२४५ व कंपनी के टोल फ्री नंबर १८००१२३०४०० पर सूचना दी जा सकती है। कंपनी के मुकेश जॉनी के अनुसार नियमित रूप से इस वाहन में निर्माल्य एकत्रित कर रहे हैं।

Published on: