
उज्जैन. नर्सिंग छात्र संगठन के बैनर तले आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों का पांचवें दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। शनिवार सुबह होते ही नर्सिंग विद्यार्थी एकजुट होकर कैम्पस में पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी, लेकिन एकबार फिर कॉलेज प्रबंधन ने अपनी रणनीति के तहत काम किया।
शुक्रवार को कॉलेज ने पूर्व दिनों के धरना स्थल पर वाहन खड़े कर दिए थे। शनिवार को भी कैम्पस के सभी जगह वाहन खड़े कर दिए। इसी के साथ शेष बची जगह भी पानी फैला दिया, ताकि विद्यार्थी विद्यार्थी गीली जगह में बैठ नहीं सकें। हालांकि विद्यार्थी का हौसला फिर भी नहीं टूटा। उन्होंने मार्ग पर बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कॉलेज प्रबंधन की तरफ से पहुंची एक मैडम और विद्यार्थियों के बीच हल्की नोंकझोंक भी हो गई।
विद्यार्थियों से वन टू वन चर्चा नर्सिंग विद्यार्थियों के प्रदर्शन को रोकने के लिए कॉलेज प्रबंधन और स्टाफ से जुड़े लोग विद्यार्थियों से वन टू वन चर्चा कर रहे हैं। कुछ विद्यार्थियों के अभिभावक को बुलाया गया। इसी के साथ कुछ विद्यार्थियों को भविष्य की समस्याओं से अवगत करवा दिया गया। एेसे में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों की एकजुटता में थोड़ी कमी आई है और धरना देने वालों की संख्या घट गई है। हालांकि अभी भी करीब ३० से ४० विद्यार्थी डटे हुए हैं। इसमें छात्राओं की संख्या काफी ज्यादा है।
अस्पताल में बिगड़ी व्यवस्था
चैरिटेबल व आरडी गार्डी में आने वाले मरीजों को उपचार नहीं मिल रहा है। यहां व्यवस्था बिगड़ी हुई है, शाजापुर निवासी कांता बाई पिछले बुधवार से यहां जनरल वार्ड में भर्ती हैं, उनके अनुसार डॉक्टर ने रोजाना दो ड्रीप चढ़ाने के लिए कहा है परंतु नर्सिंग स्टाफ नहीं होने से उन्हें दो की बजाय एक ही ड्रीप चढ़ पा रही है। कांता बाई के परिजन अशोक का कहना है कि ड्रीप चढ़ाने के लिए भी डॉक्टर को बार- बार बोलना पड़ रहा है।