आखिर ऐसा क्या हुआ जो घबरा गया 17 ग्रैंड स्लैम जीत चुका टेनिस का यह बादशाह

मैच के बाद फेडरर ने इस बात का खुलासा करते हुए कहा कि मैच जब शुरू हुआ तो मैं थोड़ा घबराया हुआ था। शुरुआत में मेरी सर्विस कई बार अच्छी तो कई बार खराब रही। इससे मुझे भी आश्चर्य हुआ क्योंकि अभ्यास के दौरान मैं बिल्कुल सही सर्विस कर रहा था।
2 min read
• •
Updated: 17 Jan 2017, 12:59 PM IST
Roger Federer
Roger Federer
मेलबर्न।
साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले मुकाबले में सोमवार को वह हुआ जिसकी कभी किसी ने आशा भी नहीं की होगी। स्विट्जरलैंड के स्टार टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर अपने पहले दौर के मैच में कुछ घबराए हुए नजर आए। है ना यह आश्चर्य की बात। यह महज एक अनुमान नहीं था बल्कि इस बात को खुद 17 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके फेडरर ने कही।


हालांकि बाद में अपनी घबराहट पर काबू पाते हुए फेडरर ने इस मुकाबले पर भी काबू पा लिया और अपने 18वें ग्रैंड स्लैम खिताब की ओर एक कदम बढ़ाया। फेडरर ने पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर के इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में आस्ट्रिया के जुर्गेन मेल्जर को 7-5, 3-6, 6-2, 6-2 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। पूर्व नंबर एक खिलाड़ी फेडरर की ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में यह 308वीं जीत है।






मैच के बाद फेडरर ने इस बात का खुलासा करते हुए कहा कि मैच जब शुरू हुआ तो मैं थोड़ा घबराया हुआ था। शुरुआत में मेरी सर्विस कई बार अच्छी तो कई बार खराब रही। इससे मुझे भी आश्चर्य हुआ क्योंकि अभ्यास के दौरान मैं बिल्कुल सही सर्विस कर रहा था।


फेडरर ने जोर देकर कहा कि उन्हें किसी तरह की कोई समस्या नहीं है और वह इस टूर्नामेंट के लिए बिल्कुल फिट हैं। चोट के बाद वापसी करते हुए फेडरर ने कहा कि पिछला साल मुश्किलों से भरा था लेकिन सामान्य रूप से फिर से टेनिस खेलने में आनंद आ रहा है। यह काफी लंबा रास्ता था लेकिन मैंने कर दिखाया।


उल्लेखनीय है कि स्विट्जरलैंड के 35 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी फेडरर पिछले साल विबंलडन टूर्नामेंट के बाद घुटने की चोट के कारण कोर्ट से दूर हो गए थे। जीत के बाद फेडरर ने कहा कि वह ऑस्ट्रेलियन ओपन में वापसी कर और पहला मैच जीतकर बेहद खुश हैं।













Published on: