टीम इंडिया और कोहली पर दबाव, नहीं मिली जीत तो होगी फजीहत

टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका से भिडऩे के लिए पूरी तरह तैयार है। दोनों टीमों के बीच तीन टी-20 मुकाबले खेलें जाएंगे

2 min read
Oct 01, 2015
Virat Kohli

नई दिल्ली। टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका से भिडऩे के लिए पूरी तरह तैयार है। दोनों टीमों के बीच तीन टी-20 मुकाबले खेलें जाएंगे। दोनों ही टीमों की नजरें 2016 में भारत में खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप पर टिकी हुई है। ऐसे में टीम इंडिया के पास वर्ल्ड कप से पहले नंबर वन बनने का सुनहरा मौका है। गौरतलब है कि पिछले साल टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था और वर्ल्ड चैंपियन बनने का उसका सपना टूट गया था।

कैसे बनेंगे नंबर वन
टीम इंडिया मौजूदा समय में टी20 रैंकिंग में 118 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। अगर भारतीय टीम अफ्रीका को तीन मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से मात दे देती है तो वह श्रीलंका के साथ पहले स्थान पर पहुंच जाएगी। वहीं अगर दक्षिण अफ्रीका सीरीज 3-0 से जीत जाती है तो वह वेस्ट इंडीज के साथ पांचवें पायदान पर आ जाएगी। मौजूदा रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका 111 अंकों के साथ छठे पायदान पर है। वहीं अगर भारतीय टीम 2-1 से सीरीज में जीत दर्ज करती है तो वह ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ तीसरे स्थान पर आ जाएगी। अगर टीम इंडिया सीरीज 3-0 से हार जाती है तो वह फिसल कर आठवें पायदान पर चली जाएगी।

विराट खो सकते हैं नंबर वन का ताज

टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान विराट कोहली मौजूदा समय में टी20 बैट्समैन रैंकिंग में पहले पायदान पर हैं। अगर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली टी20 सीरीज में कोहली का बल्ला नहीं चलता है तो वह अपना ताज खो सकते हैं। कोहली इस समय पर 861 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जब कि ऑस्ट्रेलिया के ताबड़तोड़ बल्लेबाज एरॉन फिंच 854 अंकों के साथ दूसरे, इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स 841 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर हैं।

ये है मौजूदा टी20 रैंकिंग:
1. श्रीलंका (126 अंक)
2. पाकिस्तान (121 अंक)
3. ऑस्ट्रेलिया (118 अंक)
4. इंडिया (118 अंक)
5. वेस्ट इंडीज (117 अंक)
6. साउथ अफ्रीका (111 अंक)
7. न्यूजीलैंड (108 अंक)
8. इंग्लैंड (107 अंक)
9. अफगानिस्तान (77 अंक)
10. बांग्लादेश (73 अंक)

Published on:
01 Oct 2015 01:11 pm
Also Read
View All