यूपी न्यूज

Danish Azad Ansari: ‘वक्फ की संपत्तियों को अवैध रूप से बेचा जा रहा था’, मंत्री दानिश आजाद के बयान से गरमाई राजनीति

Waqf Mafia Uttar Pradesh Government: यूपी के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे और उनके गलत इस्तेमाल को रोकने के मकसद से वक्फ संशोधन अधिनियम लेकर आई है। कुछ वक्फ माफिया अवैध रूप से वक्फ संपत्तियों को बेच रहे हैं।
2 min read
Jul 14, 2026
Danish Azad Ansari
उत्तर प्रदेश के मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी

Danish Azad Ansari On Waqf Amendment Act: उत्तर प्रदेश के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने वक्फ संशोधन कानून इसलिए लाया है ताकि वक्फ की संपत्तियों पर अवैध कब्जे और गलत इस्तेमाल रोका जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ वक्फ माफिया इन संपत्तियों को अवैध रूप से बेच भी रहे थे।

मंत्री ने कहा कि वक्फ की संपत्तियां गरीब मुसलमानों के भले के लिए होनी चाहिए। जो लोग इन्हें गलत तरीके से कब्जा करके बैठे हैं, उन्हें हटाया जाएगा। जो पहले बेच चुके हैं, उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा। उनके खिलाफ जांच होगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी के आरोपों पर किया पलटवार

ये बयान अल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी के आरोपों के बाद आया है। मौलाना ने सुन्नी और शिया वक्फ बोर्ड में जमीनों के प्रबंधन में अनियमितताओं का आरोप लगाया था। दानिश आजाद अंसारी ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने वक्फ संशोधन कानून लाकर इन संपत्तियों को दुरुपयोग, अवैध कब्जे और अतिक्रमण से बचाने का काम किया है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वक्फ की जमीनों पर सबसे ज्यादा अवैध कब्जे 2012 से 2017 के बीच हुए, जब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी।

समाजवादी पार्टी पर बोला हमला

मंत्री दानिश आजाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी खुद को मुसलमानों का हितैषी बताती है, लेकिन उनके कुछ नेता और कार्यकर्ताओं ने संगठित तरीके से वक्फ की जमीनों पर कब्जा किया, उन्हें गलत इस्तेमाल किया और अतिक्रमण किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेता इस कानून का सबसे ज्यादा विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे खुद इन संपत्तियों पर काबिज थे और डरते हैं कि संशोधन के बाद उनकी पकड़ छूट जाएगी। मंत्री ने साफ कहा कि इस कानून का मकसद गरीब मुसलमानों का भला करना है, न कि किसी की व्यक्तिगत सत्ता या फायदे को बचाना।

इस मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है। वक्फ संशोधन कानून को लेकर पहले से ही विपक्ष और सरकार के बीच तीखी बहस चल रही है। मंत्री दानिश आजाद अंसारी का ये बयान उस बहस को और भड़का रहा है।

Updated on:
14 Jul 2026 07:11 pm
Published on:
14 Jul 2026 07:11 pm