वाराणसी

मेटा के अलर्ट से बची युवक की जान, 17 मिनट में पहुंची पुलिस

सोशल मीडिया पर आत्महत्या करने से जुड़ा एक पोस्ट करने पर मेटा कंपनी ने यूपी पुलिस को अलर्ट भेजा और 19 वर्षीय एक युवक की जान बच गई...

2 min read
Mar 29, 2026
Meta (Representational Photo)

वाराणसी: सोशल मीडिया पर आत्महत्या करने से जुड़ा एक पोस्ट करने पर मेटा कंपनी ने यूपी पुलिस को अलर्ट भेजा और 19 वर्षीय एक युवक की जान बच गई है। बताया जा रहा है कि युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया और इसका अलर्ट उत्तर प्रदेश पुलिस को मिल गया, जिसके बाद 17 मिनट में चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की जान बचा ली।

इंस्टाग्राम पर लिखा नोट

जानकारी के मुताबिक, शनिवार की देर रात एक युवक ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "आज आखिरी रात है मेरी, कोई कॉल नहीं करना क्योंकि मैने जहर खा लिया है।" युवक द्वारा पोस्ट किए जाने पर मेटा कंपनी ने तुरंत इसकी सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस के मुख्यालय को ईमेल और फोन के माध्यम से दी। बताया जा रहा है कि यह सूचना लखनऊ स्थित मुख्यालय पर सोशल मीडिया सेल को शनिवार की देर रात 1:45 पर प्राप्त हुई।

17 मिनट में घर पहुंची पुलिस

मुख्यालय को अलर्ट मिलते ही मुख्यालय ने वाराणसी पुलिस के सोशल मीडिया सेल को इसकी जानकारी दी और इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली। बताया जा रहा है कि युवक चोलापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था, जिसके बाद चोलापुर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना के बाद उपनिरीक्षक अविनाश मिश्रा और आरक्षी विकास शर्मा युवक के लोकेशन के लिए रवाना हुए और मात्र 17 मिनट में युवक के घर पहुंच गए।

कीटनाशक पी रहा था युवक

पुलिस ने परिजनों संग घर के अंदर जाकर देखा तो युवक एक गिलास में कीटनाशक घोलकर पी रहा था। उसके पास एक कीटनाशक का खाली रैपर भी पड़ा था।पुलिसकर्मियों ने युवक के हाथ से गिलास छीन लिया और परिजनों की मदद से प्राथमिक उपचार कराया। युवक ने बताया कि वह पेशे से मजदूर है और एक लड़की से प्रेम करता है, लेकिन लड़की कुछ दिनों से उसके साथ बातचीत नहीं कर रही है, जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान है और इसी वजह से उसने आत्महत्या करने की कोशिश की है।

पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की इसके बाद युवक ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में इस तरह की हरकत कभी भी नहीं करेगा। वहीं, युवक के परिजनों ने पुलिस की तत्परता को देखते हुए पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया।

मेटा और यूपी पुलिस के बीच हुआ है समझौता

दरअसल, 2022 से उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा के बीच एक समझौता हुआ है, जिसके तहत उत्तर प्रदेश में फेसबुक या इंस्टाग्राम पर कोई भी व्यक्ति आत्महत्या या उससे जुड़ा पोस्ट शेयर करता है तो पुलिस को मेटा कंपनी द्वारा उसका अलर्ट तुरंत भेज दिया जाता है।

Published on:
29 Mar 2026 08:40 pm
Also Read
View All

अगली खबर