कैंट थाना क्षेत्र के एक होटल में गोली चलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस घटना में एक युवती घायल हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस घटना की जानकारी कैंट पुलिस को नहीं हुई...
वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र के एक होटल में गोली चलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस घटना में एक युवती घायल हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस घटना की जानकारी कैंट पुलिस को नहीं हुई और अस्पताल कर्मियों ने सिगरा पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद कैंट पुलिस को इस मामले की जानकारी हुई।
जानकारी के मुताबिक, गाजीपुर की रहने वाली एक युवती का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों शनिवार की दोपहर 2 बजे कैंट थाना क्षेत्र के स्थित कैंटोनमेंट के एक होटल में गए हुए थे। इसी दौरान होटल के कमरे में दोनों के बीच कहासुनी हुई और संदिग्ध रूप से असलहे से गोली चल गई।
बताया जा रहा है की गोली युवती के गले के पास लगी, जिसके बाद उसके प्रेमी ने उसे अपनी ही गाड़ी से सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। युवती को भर्ती किए जाने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सिगरा थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूत्रों की मानें तो इस घटना कि जानकारी कई घंटों तक कैंट पुलिस को नहीं लग पाई थी, लेकिन जब इसकी जानकारी सिगरा पुलिस ने कैंट पुलिस को दी तो कैंट पुलिस हरकत में आई। बताया जा रहा है कि कई घंटे तक यह मामला दबा रहा। हालांकि बताया जा रहा है कि घटना के बाद मौके पर डायल 112 की टीम पहुंची थी।
थाना कैंट के थाना अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि घटना शनिवार दोपहर 2:30 बजे के आसपास की है। उन्होंने बताया कि गाजीपुर की रहने वाली एक युवती वाराणसी में रहकर प्राइवेट संस्थान में नौकरी करती है। वहीं, उसका वाराणसी के रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि होटल के कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और गोली चल गई। हालांकि, लड़की ने बताया है कि उसने गोली खुद चलाई थी जो उसके गले के पास लगी है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल लड़की खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, उस युवती के साथ लड़का कौन था इसकी जानकारी अभी नहीं हो पाई है और ना ही मामले में किसी तरह की तहरीर थाने में दी गई है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि जिस डॉक्यूमेंट को युवक और युवती ने होटल में जमा किया था उसमें पता फर्जी दर्ज था।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस ने युवती से पूछताछ की है, लेकिन उसे विस्तृत पूछताछ नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर युवक की तलाश शुरू कर दी है। इसके साथ ही उस असलहे का भी पता लगाया जा रहा है, जिससे गोली चली और लड़की घायल हो गई।