वाराणसी

कर्नल बनकर बेरोजगारों से करता था ठगी, कई विभागों में नौकरी लगवाने का देता था झांसा, STF ने दबोचा

यूपी एसटीएफ की फील्ड यूनिट ने वाराणसी में आर्मी अफसर बनकर रह रहे और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है...

2 min read
Mar 31, 2026
पुलिस गिरफ्त में आरोपी

वाराणसी: यूपी एसटीएफ की फील्ड यूनिट ने वाराणसी में आर्मी अफसर बनकर रह रहे और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह भेलूपुर थाना अंतर्गत विभूति एनक्लेव अपार्टमेंट में किराए पर फ्लैट लेकर रह रहा था और बेरोजगारों को अपने झांसे में लेकर ठगी किया करता था।

चंदौली का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार किए गए शख्स की पहचान धर्मेंद्र पांडे के रूप में हुई है जो चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली गांव का रहने वाला है। एसटीएफ ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया गया है। इनमें दो मोबाइल फोन, तीन अलग-अलग नंबर वाले आधार कार्ड, तीन पैन कार्ड, अलग-अलग पते पर लिए गए दो ड्राइविंग लाइसेंस, तीन एटीएम कार्ड व कुछ लोगों के हाई स्कूल के अंक पत्र और प्रमाण पत्र भी इसके पास से बरामद हुए हैं। इसके साथ ही भारतीय सेना के दो फर्जी आइडेंटी कार्ड भी इसके पास से बरामद हुए हैं।

किराए के फ्लैट से हुई गिरफ्तारी

दरअसल, एसटीएफ को काफी समय से इस आरोपी के बारे में इंटेलिजेंस के माध्यम से सूचना मिल रही थी। एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि मिलिट्री इंटेलीजेंस की टीम की ओर से वाराणसी और आसपास के जिलों में इस तरह के गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी एसटीएफ को दी गई थी, जिसके बाद टीम इस सरगना का पता लगाने में छुट्टी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली की गिरोह का सरगना धर्मेंद्र पांडे विभूति एंक्लेव में किराए के फ्लैट में रहता है और वहां पहुंचने वाला है।

मुखबिर की सूचना पर विश्वास करते हुए एसटीएफ की टीम ने जब बताए गए फ्लैट में छापेमारी की तो आरोपी टीम को देखकर चौंक गया। पहले तो वह टीम को बरगलाने और झांसे में लेने की कोशिश करता रहा, लेकिन बाद में उसकी हिम्मत टूट गई, जिसके बाद एसटीएफ की टीम उसे लेकर भेलूपुर थाने पहुंची।

अलग-अलग पते पर बना रखा है दस्तावेज

एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने खुद को आर्मी इंटेलिजेंस में तैनात कर्नल बताने के लिए एक फर्जी आईडी कार्ड बनवा रखा है। इसके साथ ही इसी पहचान पत्र के आधार पर वह बेरोजगार लोगों को आर्मी, रेलवे, शिक्षा विभाग और अर्ध सैनिक बलों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया करता था और उनसे मोटी रकम वसूलत था। एसटीएफ की टीम को उसके बैंक खातों में जमा लाखों रुपए की भी जानकारी मिली है।

भेलुपुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

एसटीएफ ने बताया कि धर्मेंद्र ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कई फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवाकर अलग-अलग बैंक खातों को खोलने के लिए इस्तेमाल किया है। एसटीएफ ने बताया कि जब पीड़ित लोगों की नौकरी नहीं लगती थी और वे अपने पैसे मांगते थे तो उन्हें दुआरे विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया करता था। आरोपी के खिलाफ भेलूपुर थाना में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और एसटीएफ की टीम ने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया है।

Published on:
31 Mar 2026 03:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर