
(Photo- Dead body demo pic)
Death news varanasi: वाराणसी में मंगलवार को अलग-अलग हुए हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई है। सिगरा थाना क्षेत्र और चेतगंज थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से पिता पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में बारिश के बाद मकान की दीवार गिरने से उसकी चपेट में आकर दंपति की मौत हो गई है। अलग-अलग जगह पर हुई दुर्घटना के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धन में कच्चा मकान गिरने से दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
वाराणसी में सोमवार की शाम से शुरू हुई बारिश ने कहर बरपा दिया है। एक तरफ सड़कों पर पानी भरा हुआ है तो दूसरी तरफ अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में रहने वाले सलीमुद्दीन और उनके पुत्र अनिस की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई है। दोनों मकान अपने मकान में सजावट का काम कर रहे थे, इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए। वहीं, चेतगंज थाना क्षेत्र के कालीमहाल तिराहे पर पानी पीने के लिए वाटर कूलर चालू कर रहे त्रिलोकी मोदनवाल की भी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई है।
मंडुवाडीह के बाटा मोड इंडस्ट्रियल एरिया में मकान की एक दीवार गिरने से इसकी चपेट में आए पति-पत्नी की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान रविंद्र और उनकी पत्नी प्रतिभा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किराए के मकान में रहते थे और मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी होने के बाद मंडुवाडीह थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों को भी पूरी घटना की जानकारी दे दी गई है।
सोमवार की शाम से लगातार हो रही बारिश ने काशी वासियों की मुसीबत बढ़ा दी है। पूर्वांचल का एम्स कहे जाने वाले सर सुंदरलाल अस्पताल में कमर तक पानी भर चुका है। वहीं, लंका चौराहे पर भी घुटने तक पानी भरा हुआ है। शहर के अधिकतम इलाके बारिश के वजह से पानी में डूबे हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धन में कच्चा मकान गिरने से दंपति घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भेजा गया है। दोनों घायलों की पहचान निर्मला और राम जी के रूप में हुई है। वहीं, उनके मकान में बंधी हुई एक बकरी की भी जान चली गई, जबकि मकान के मलबे में उनके पालतू कुत्ते भी दबे हुए हैं। फिलहाल घटना के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Updated on:
25 Aug 2026 12:20 pm
Published on:
25 Aug 2026 12:19 pm
