
वाराणसी. महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव प्रचार में गुटबाजी हावी हो चुकी है। परिसर में त्रिकोणीय लड़ाई देखने को मिल रही है। एबीवीपी व समाजवादी छात्रसभा दोनों ही संगठनों में गुटबाजी हावी हो चुकी है और एक-दूसरे के वोटरों में सेंधमारी करने में जुटे हुए हैं। सोमवार को परिसर में चुनाव के लिए जमकर प्रचार हुआ। चीफ प्राक्टर प्रो.शम्भू उपाध्याय ने परिसर में छात्रों को बताया कि किस तरह से ओएमआर शीट पर वोट देने के बाद उसे बाक्स में डाला जायेगा।
यह भी पढ़े:-बीजेपी के लिए चक्रव्यूह होगा तैयार, महागठबंधन का पहला ट्रायल इस सीट के मेयर चुनाव में
परिसर में एबीवीपी ने वाल्मिकी उपाध्याय को छात्रसंघ अध्यक्ष का प्रत्याशी बनाया है, जबकि समाजवादी छात्रसभा से वरुण यादव को प्रत्याशी बनाया है, जिसे राष्ट्रीय छात्र संगठन ने समर्थन दिया है। तीसरे प्रत्याशी के रुप में राहुल दुबे भी अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे हैं। एबीवीपी का एक गुट पहले राहुल दुबे को प्रत्याशी बनाना चाहता था लेकिन बाद में वाल्मिकी उपाध्याय को टिकट मिल गया। इसके बाद एबीवीपी का एक गुट पर्दे के पीछे से राहुल दुबे को समर्थन देने में जुटा हुआ है। सपा में भी दो गुट हो चुके हैं और एक गुट पार्टी के प्रत्याशी को समर्थन दे रहा है तो दूसरा गुट राहुल दुबे के साथ खड़ा है। इसके चलते छात्रसंघ चुनाव दिलचस्प हो चुका है।
यह भी पढ़े:-नगर निगम चुनाव में प्रत्याशी को उतराने से पहले बीजेपी पहुंची खुफिया विभाग की शरण में
प्रत्याशियों ने लगायी सारी ताकत
छात्रसंघ चुनाव के लिए सभी प्रत्याशियों ने अपनी सारी ताकत लगा दी है। परिसर में जमकर नारेबाजी हो रही है। प्रत्याशी भी जुलूस के रुप में अपनी ताकत दिखाने में जुटे हुए हैं। समर्थक भी चुनाव प्रचार का वीडियो बना कर फेसबुक पर अपलोड कर रहे हैं, जिससे बताया जा सके कि उनके साथ छात्रों का बड़ा समर्थन है।
यह भी पढ़े:-बीजेपी को झटका दे सकता है यह दल, लड़ सकता चुनाव
ओएमआर शीट पर होगा मतदान, वोट डालने में इन बातों का रखे ध्यान
काशी विद्यापीठ सबसे हाइटेक विश्वविद्यालय बनने की और अग्रसर है। परिसर में ओएमआर शीट पर मतदान होता है। चीफ प्राक्टर प्रो.शम्भू उपाध्याय ने बताया कि छात्रों को पहले से ही बताया जा रहा है कि किस तरह से मतदान किया जाये। मतदान कक्ष में मोबाइल व पेन के ले जाने पर रोक रहेगी। ओएमआर शीट पर सभी प्रत्याशियों के नाम होंगे। मतदाता को जिस प्रत्याशी को वोट देना है उसके नाम के आगे बने गोले को भरना होगा। इसके लिए मतदान कक्ष में ही पेन उपलब्ध करायी जायेगी। इसके बाद मतदाता को ओएमआर शीट को बिना मोड़े ही बैलेट बॉक्स में डालना होगा। चुनाव खत्म हो जाने के बाद ओएमआर शीट को स्कैन कराया जायेगा और कम्प्यूटर के जरिए चुनाव परिणाम की घोषणा होगी।
यह भी पढ़े:-महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में जमकर हो रहा छात्रसंघ चुनाव प्रचार, नारेबाजी से कक्षाए प्रभावित