जिला मुख्यालय पर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान एक अधिवक्ता से कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद अधिवक्ताओं ने एसडीएम कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी और एसपी कार्यालय में भी हंगामा किया...
मिर्जापुर: जिला मुख्यालय पर कांग्रेस के धरने के दौरान अधिवक्ता सतीश कुमार मिश्रा के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीओ सिटी और एसडीएम ने अधिवक्ता सतीश कुमार मिश्रा के साथ अभद्रता की, जिसके बाद शनिवार को वकीलों में उबाल आ गया और वे प्रदर्शन करने लगे।
अधिवक्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सबसे पहले अधिवक्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान एसडीएम के दफ्तर में तोड़फोड़ भी की गई। अधिवक्ता सीओ सिटी मुर्दाबाद जैसे नारे लगाते हुए अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
एसडीएम कार्यालय में प्रदर्शन और तोड़फोड़ करने के बाद अधिवक्ता एसपी कार्यालय की तरफ बढे और वहां भी उन्होंने जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से उनकी वार्ता भी हुई, लेकिन काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। अधिवक्ताओं ने मांग की है कि सीओ सिटी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका स्थानांतरण किया जाए।
अधिवक्ताओं ने बताया कि इस कार्रवाई के लिए प्रशासन को सोमवार तक का समय दिया गया है। अधिवक्ता सतीश मिश्रा ने बताया कि उनके साथ अभद्रता किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि वीडियो की सत्यता की जांच करें और यदि सीओ सिटी इस मामले में दोषी हैं तो उनके खिलाफ और यदि अधिवक्ता इस मामले में दोषी नजर आ रहा है तो अधिवक्ता के खिलाफ कार्रवाई करें।
दरअसल, अधिवक्ताओं का आरोप है कि हाल ही में जिला मुख्यालय पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा धरना दिया जा रहा था और उसे दौरान अधिवक्ता सतीश कुमार मिश्रा भी वहां पहुंचकर अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान अधिकारियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह प्रशासन की मनमानी है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।