वाराणसी में रंगभरी एकादशी के मौके पर लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। डीआईजी शिव हरी मीणा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन और पुजारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा […]
वाराणसी में रंगभरी एकादशी के मौके पर लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। डीआईजी शिव हरी मीणा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन और पुजारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर जरूरी योजना बनाई। इस बैठक में तय किया गया कि कार्यक्रम के दौरान मंदिर के आसपास की गलियों में लोगों के आने-जाने की व्यवस्था ठीक से कराई जाएगी। साथ ही मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी और ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए खास इंतजाम किए जाएंगे।
इसके अलावा पुलिस ने मंदिर और आसपास के इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां खास निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था में भी जरूरी बदलाव किए जाएंगे ताकि लोग आसानी से आ-जा सकें और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
मंदिर प्रशासन की ओर से वाचस्पति तिवारी ने बताया कि रंगभरी एकादशी के दिन शाम 5 बजे बाबा की प्रतिमा को गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा। इसके बाद सप्तऋषि आरती होगी। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि रंगभरी एकादशी से लेकर होली तक वाराणसी में भारी भीड़ उमड़ सकती है। ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।